देश में कोरोनाः 71 हजार से ज्यादा केस; हिमाचल में सिपाही के पॉजिटिव मिलने के बाद पुलिस स्टेशन सील

देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 71 हजार के पार हो गई है। देश में अबतक 2310 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 23 हजार 059 लोग ठीक भी हो चुके हैं। उधर, हिमाचल के कांगड़ा में एक पुलिसकर्मी संक्रमित मिला है। इसके बाद पूरा थाना सील कर दिया गया।

Asianet News Hindi | Published : May 12, 2020 3:49 AM IST / Updated: May 12 2020, 07:09 PM IST

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 71 हजार के पार हो गई है। देश में अबतक 2310 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 23 हजार 059 लोग ठीक भी हो चुके हैं। उधर, हिमाचल के कांगड़ा में एक पुलिसकर्मी संक्रमित मिला है। इसके बाद पूरा थाना सील कर दिया गया। हिमाचल में अब तक कोरोना के 66 केस सामने आ चुके हैं। 

पिछले 24 घंटे में 3591 नए केस सामने आए हैं। सोमवार को महाराष्ट्र में 1230, तमिलनाडु में 798, गुजरात में 347, दिल्ली में 310, मध्यप्रदेश में 171, राजस्थान में 174, उत्तरप्रदेश में 107, बिहार 39 नए मरीज मिले। इससे पहले रविवार को देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 4296 नए मरीज सामने आए। सबसे ज्यादा 1668 लोग ठीक भी हुए। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 67 हजार 152 संक्रमित हैं। 44 हजार 29 का इलाज चल रहा है। 20 हजार 916 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2206 मरीजों की मौत हुई है।

कोरोना पॉजिटिव महिला ने दिया जुड़वा बच्चों को जन्म

पुणे के इंदिरा आईवीएफ में कोरोना से संक्रमित एक 34 साल की महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार शरीर में सूजन और तकलीफ थी। पेट में जुड़वा बच्चे होने के कारण हाई ब्लड प्रेशर के कारण उसकी हालत बिगड़ी, तो उसे उपचार के लिए इंदिरा आईवीएफ में भर्ती कराया गया। दोनों ही नवजात बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ बताए जा रहे हैं। दोनों नवजात बच्चों का भी कोरोना टेस्ट कराया गया, जिसमें इनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन्हें मां से अलग रखा जा रहा है।

आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे पीएम 

कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज 8 बजे देशवासियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। इस दौरान लॉकडाउन को लेकर कुछ नया ऐलान किया जा सकता है। इससे पहले सोमवार को पीएम ने सभी राज्य के मुख्यमंत्रियों से बात की थी। 

697 संभावित हॉटस्पॉट के बारे में मिली जानकारी 

महामारी से लड़ाई में आरोग्य सेतु ऐप काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। इससे देशभर में 697 संभावित हॉट स्पॉट के बारे में जानकारी मिली है। अब तक 9.8 करोड़ लोगों ने यह ऐप डाउनलोड किया है। ब्लूटूथ कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के जरिए 1.4 लाख यूजर्स को संक्रमण के खतरे को लेकर अलर्ट किया गया। इनके संक्रमित लोगों के संपर्क में आने की आशंका है। यह जानकारी एम्पावर्ड ग्रुप 9 के चेयरमैन अजय साहनी ने दी। वहीं, सरकार इस ऐप को लॉकडाउन के बाद भी हवाई यात्रियों के लिए अनिवार्य कर सकती है।

कोरोना अपडेट्स- 

संक्रमण प्रभावित राज्यों का हालः 

महाराष्ट्र- राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 23401 हो गई है। यहां पिछले 24 घंटे में 1230 नए संक्रमित मिले और 36 मौतें हुईं। मुंबई के धारावी में 26 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 859 हो गई है। माहिम में भी 119 पॉजिटिव केस हो चुके हैं। उधर, पुणे नगर निगम की सीमा में 69 कंटेनमेंट इलाकों में सोमवार से सभी दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। राज्य में अब तक 868 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 4786 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 

दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संक्रमित मरीजों की संख्या 7233 हो गई है। यहां सोमवार को संक्रमण के 310 मामले आए। ऊर्जा मंत्रालय के एक अफसर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में अब तक 73 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 2219 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 

मध्यप्रदेश- राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 3785 हो गई है। यहां सोमवार को संक्रमण के 171 नए मामले सामने आए। इंदौर, भोपाल और उज्जैन में संक्रमण पूरी तरह काबू नहीं हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश में अगले हफ्ते से टेस्टिंग बढ़ाई जाएगी तब संक्रमितों की संख्या और बढ़ सकती है। उधर, भोपाल के हॉट स्पॉट जहांगीराबाद में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए नया प्रयोग किया जा रहा है। यहां निगेटिव रिपोर्ट वाले करीब 2000 लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। राज्य में कोरोना शिकार 1747 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि अब तक 221 लोगों की मौत हो चुकी है। 

उत्तरप्रदेश- सूबे में पिछले 24 घंटे में 107 नए संक्रमित मिले। इनमें से मेरठ के सबसे ज्यादा 22 और आगरा के 13 मरीज शामिल हैं। आगरा में 2, जबकि कानपुर और मेरठ में 1-1 संक्रमित की मौत हुई है। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में 224 मरीज मिल चुके हैं। यहां 49 कंटेनमेंट जोन हैं। राज्य में इस बीमारी से अब तक 80 लोग जान गंवा चुके हैं। जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 3573 हो गई है। हालांकि राहत की बात है कि अब तक 1758 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 

Share this article
click me!