
कोलकाता। गाय तस्करी मामले (Cow Smuggling Case) में तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल जेल में बंद है। सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। सीबीआई की एक टीम ने निचुपट्टी स्थित अनुब्रत मंडल के घर नोटिस लेकर पहुंची। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थी।
सीबीआई ने अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या से पूछताछ की। सुकन्या स्कूल टीचर हैं। उन्होंने पांच करोड़ रुपए की संपत्ति खरीदी है। सीबीआई ने उनसे पैसे के स्रोत के बारे में पूछताछ की। अधिकारियों ने एक घंटे से अधिक समय तक सुकन्या से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार कई संपत्ति के मामले में सवाल किए गए। बयान की जांच के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई होगी।
जेल में बंद है अनुब्रत
गौ तस्करी मामले में बीरभूम तृणमूल (टीएमसी) अध्यक्ष और ममता बनर्जी के 'बाहुबली' नेता अनुब्रत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वह और उसके बॉडीगार्ड सहगल हुसैन जेल में हैं। अनुब्रत की बेटी सुकन्या को भी इस बार पूछताछ का सामना करना पड़ा। सीबीआई ने शुक्रवार को उनसे करीब 1 घंटे 10 मिनट तक पूछताछ की।
बांग्लादेश सीमा से होती है गौ-तस्करी
सीबीआई के मुताबिक 2015 से 2017 के दौरान बीएसएफ ने 20,000 पशुओं के सिर बरामद किए थे। इनकी सीमा पार तस्करी होनी थी। भारत और बांग्लादेश के बीच करीब 2,216 किलोमीटर लंबी सीमा है। यहां से गौ-तस्करी होती है। सीबीआई पहले भी कई चौंकाने वाले खुलासे करती आई है कि भारत से बड़ी संख्या में गौवंश की खेप बांग्लादेश सीमा के जरिए बाहर भेजी जाती रही है।
यूपी और हरियाणा की गायों की अधिक डिमांड
तस्करों में ऊंची नस्ल और ऊंची कद की गायों की कीमत अधिक होती है। हरियाणा और यूपी की गायों की नस्लें ऊंची कीमत पर बिकती हैं। बंगाल में गायों की नस्ल उतनी अच्छी नहीं है। ईद पर इनकी बिक्री बढ़ जाती है। बांग्लादेश की मुस्लिम आबादी बीफ खाती है। गायों को सीमा पार ले जाने के लिए बच्चों और महिलाओं को भी इस्तेमाल किया जाता है। इन पर आसानी से शक नहीं होता। भारत में गोमांस पर बैन लगा हुआ है, लेकिन पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में धड़ल्ले से यह चल रहा है। बांग्लादेश में भारत से पहुंची गायों की अच्छी नस्लें दूसरे देशों में बेच दी जाती हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.