
नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाला केस (Delhi liquor scam) में बुधवार को गिरफ्तार किए गए आप सांसद संजय सिंह को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया है। ईडी ने कोर्ट से संजय सिंह को सात दिन की हिरासत में देने की मांग की। कोर्ट ने 5 दिन की हिरासत दी है।
सीनियर वकील मोहित माथुर कोर्ट में संजय सिंह की ओर से पेश हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है और इसका कोई अंत नहीं दिख रहा है। दोनों एजेंसियों (CBI और ED) ने दिनेश अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। बाद में वह मामले में सरकारी गवाह बन गया। उसपर भरोसा नहीं किया जा सकता।
ईडी ने कोर्ट से कहा- प्राप्त करना है डिजिटल डेटा
वहीं, ईडी ने कोर्ट को कहा कि हमें डिजिटल डेटा प्राप्त करना है। इसके अलावा संजय सिंह से इस मामले में पहले से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के साथ बिठाकर आमने-सामने पूछताछ करनी है। इसके लिए हिरासत की जरूरत है। ईडी ने कहा कि 239 जगहों पर तलाशी ली गई है। बुधवार को उनके घर पर भी तलाशी हुई थी। दिनेश अरोड़ा के कर्मचारी ने संजय सिंह के आवास पर 2 करोड़ रुपए नकद दिए। उनका यह भी कहना है कि 1 करोड़ रुपए उन्होंने इंडोस्पिरिट्स से लिए थे।
संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आप ने किया विरोध प्रदर्शन
ईडी ने बुधवार को संजय सिंह के घर की तलाशी ली थी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को दिल्ली और चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया।
दिल्ली शराब घोटाला क्या है?
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया शराब घोटाला केस में जेल में बंद हैं। सिसोदिया उपमुख्यमंत्री होने के साथ ही आबकारी विभाग के मंत्री भी थे। दिल्ली सरकार ने 2021-22 के लिए नई शराब नीति बनाई और लागू किया था। आरोप लगे कि दिल्ली सरकार ने शराब कारोबार के लिए लाइसेंस देने में गड़बड़ी की। करीबी कारोबारियों को लाइसेंस दिए और इसके बदले रिश्वत ली।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.