
Delhi MCD Exit Poll 2022: दिल्ली नगर नगम (MCD) के 250 सीटों के लिए हुई वोटिंग के बाद एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। दिल्ली में मुख्य मुकाबला बीजेपी और आप के बीच ही है। लेकिन एग्जिट पोल में देश के सबसे बड़े नगर निगम MCD की सत्ता 15 साल बाद BJP के हाथों से फिसलती हुई दिख रही है। ज्यादातर सर्वे में आम आदमी पार्टी (AAP) को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। बता दें कि दिल्ली नगर निगम चुनावों में 250 वार्ड में कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली में काउंटिंग 7 दिसंबर को होगी और तभी रिजल्ट पता चलेगा। हालांकि, उससे पहले MCD चुनाव से जुड़े एग्जिट पोल काफी कुछ तस्वीर साफ करते दिख रहे हैं। आइए जानते हैं क्या कह रहे हैं तमाम एग्जिट पोल्स।
ज्यादातर सर्वे में 'आप' को बहुमत :
आज तक-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक आम आदमी पार्टी को 149 से 171 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। वहीं भाजपा को 69-91 सीटें मिल सकती हैं। साथ ही कांग्रेस को महज 3-7 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा अन्य के खाते में 5-9 सीटें जाने की उम्मीद है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने आप को 146-156, भाजपा को 84-94, कांग्रेस को 6-10 और अन्य को 4 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। इसी तरह, इंडिया न्यूज-जन की बात ने आप को 150-175 सीटें, बीजेपी को 70-92, कांग्रेस को 4-7 और अन्य को 1 सीट मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, टीवी9 ऑन द स्पॉट ने आप को 140-150, बीजेपी को 92-96, कांग्रेस को 6-10 और अन्य को 2-4 सीटें मिलने की उम्मीद जताई है।
15 साल बाद BJP के हाथ से फिसलता दिख रहा MCD :
एग्जिट पोल के नतीजों पर यकीन करें तो देश के सबसे बड़े नगर निगम में शामिल MCD की सत्ता 15 साल बाद बीजेपी के हाथ से फिसलकर आम आदमी पार्टी (AAP) के हाथों में जाती नजर आ रही है। दिल्ली नगर-निगम चुनाव में बीजेपी दूसरे नंबर पर आती दिख रही है। वहीं कांग्रेस को तो लगभग सूपड़ा साफ ही हो जाएगा। बता दें कि MCD चुनाव 2022 के लिए कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 709 महिला उम्मीदवार हैं। चुनाव में बीजेपी और AAP ने सभी 250 सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 247 सीटों पर ही चुनाव लड़ा है। वहीं, जेडीयू ने 23 तो AIMIM ने 15 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
2017 के MCD चुनाव में 181 सीटें जीती थी BJP :
2017 के एमसीडी चुनाव में बीजेपी ने उस दौरान तीनों नगर निगमों को मिलाकर कुल 181 सीटें जीती थीं। बीजेपी ने उत्तरी नगर निगम की 103 में से 64 सीटें जीती थीं। दक्षिण नगर निगम की 104 में से 70 सीटें जीती थीं। पूर्वी दिल्ली में 63 में से 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2017 के MCD चुनाव में केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को सिर्फ 48 सीटें मिली थीं। जबकि कांग्रेस को 30 सीटें ही मिल पाई थीं। अन्य के खाते में 11 सीटें गई थीं।
2017 के मुकाबले 2022 में हुई कम वोटिंग :
दिल्ली के 250 वॉर्डों के लिए कुल 50.47% वोट पड़े। 2017 के एमसीडी चुनाव में 53.55% वोट पड़े थे। वहीं, 2012 में 53.39 फीसदी, जबकि 2007 में 43.24% वोट पड़े थे। इस बार MCD चुनाव में हुई कम वोटिंग से पॉलिटिकल पार्टियां भी चिंतित थीं। बता दें कि दिल्ली नगर निगम के रिजल्ट 7 दिसंबर को आएंगे लेकिन एग्जिट पोल के बाद एक अनुमान पता चल जाएगा कि कौन-सी पार्टी दिल्ली नगर निगम पर राज करेगी।
किसको मिले कितने वोट?
MCD चुनावों में BJP को 35% वोट मिले तो वहीं केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को 43% लोगों ने वोट डाले। इसके अलावा कांग्रेस को 10% वोट मिले थे। बता दें कि दिल्ली नगर निगम में हाल ही में परिसीमन हुआ था, जिसके बाद ये पहला नगर निगम चुनाव हुआ है। दिल्ली में अधिकारियों ने 13,638 पोलिंग बूथ बनाए थे। इस चुनाव में कुल 56 हजार EVM का उपयोग किया गया था।
ये भी देखें :
Delhi MCD Polls: बीजेपी का दावा- 250 में से 170 सीटों पर मिलेगी जीत
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.