
नई दिल्ली. भारत ने कोविड के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। डेढ़ महीने के बाद पहली बार कोविड के रोगियों की संख्या आठ लाख से नीचे आई है। देश के कुल सक्रिय मामलों की संख्या 7,95,087 है। यह आंकड़ा कुल मामलों का केवल 10.70 प्रतिशत ही है। इससे पहले 1 सितंबर को कोविड मामलों की संख्या 8 लाख से नीचे (7,85,996) थी।
65 लाख से अधिक संक्रमित हो चुके हैं ठीक
हर दिन ठीक होने वाले कोविड रोगियों की अधिकतम संख्या के साथ ही भारत में सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज करने का चलन जारी है।
भारत में इस महामारी से उबरने वालों की संख्या भी सर्वाधिक है। कुल 65 लाख से अधिक (65,24,595) रोगी इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों और स्वस्थ होने वालों के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है और अब यह 57,29,508 तक पहुंच चुका है।
पिछले 24 घंटों में 70,816 रोगी ठीक हुए
पिछले 24 घंटों में 70,816 रोगी ठीक हुए और उन्हें छुट्टी दे दी गई है, जबकि 62,212 नए पुष्ट हुए मामले हैं। देश में कोविड से स्वस्थ होने की दर 87.78 प्रतिशत हो गई है।
महाराष्ट्र में केवल एक दिन में 13,000 से अधिक मरीज़ स्वस्थ हुए हैं और इसके बाद कर्नाटक में 8,000 से अधिक रोगी संक्रमण मुक्त हुए हैं। पिछले 24 घंटों में 62,212 नए पुष्ट मामले दर्ज किए गए।
10 राज्यों से 79 प्रतिशत नए केस
इनमें से 79 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। महाराष्ट्र अभी भी 11,000 से अधिक मामलों के साथ सबसे आगे है इसके बाद कर्नाटक और केरल आते हैं। इन दोनों राज्यों में 7,000 से अधिक नए मामलों की संख्या दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में 837 कोविड मरीजों की मौत हुई है। इनमें से लगभग 82 प्रतिशत मौतें दस राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में ही हुई हैं।
महाराष्ट्र में सर्वाधिक एक दिन में 306 रोगियों की मौतें हुई
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने केरल, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में उच्च स्तरीय केंद्रीय दलों की प्रतिनियुक्ति की है। इन राज्यों में हाल के दिनों में नए कोविड रोगियों की संख्या में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.