
Gujarat Heinious crime: गुजरात में बच्चियों के साथ दिल दहला देने वाली दो वारदात सामने आई है। रूह कंपा देने वाली इन घटनाओं में उनके अपनों ने दरिंदगी की है। पहले मामले में छह साल की बच्ची को उसके प्रिंसिपल ने ही रेप कर हत्या कर दी। जबकि दूसरे मामले में घर आने जाने वाले एक व्यक्ति ने दस महीने की एक मासूम के साथ दरिंदगी कर शर्मसार कर दिया।
दामोह में छह साल की बच्ची की हत्या पर शॉकिंग खुलासा
गुजरात के दाहोद जिला में छह साल की एक बच्ची की हत्या कर लाश को स्कूल के पास फेंका गया था। पोस्टमार्टम से पता चला कि उसकी मौत दम घुटने से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच के लिए 10 टीमें गठित की हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मां ने बताया कि उनकी बच्ची रोज प्रिंसिपल गोविंद नट के साथ स्कूल जाती थी। पुलिस ने मां का बयान लेने के बाद जब प्रिंसिपल गोविंद नट का फोन और लोकेशन ट्रेस करने के बाद स्कूल में पूछताछ की तो पता लगा कि घटना के दिन गोविंद नट स्कूल देर से पहुंचा था। पुलिस ने शक के आधार पर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि उसने बच्ची का यौन उत्पीड़न किया और गला दबाकर मार डाला। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रिंसिपल ने सुबह करीब 10.20 बजे लड़की को उसके घर से अपनी कार में पिक किया। लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची। स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने इसकी पुष्टि की। स्कूल जाते समय प्रिंसिपल ने उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की तो वह चिल्लाने लगी। प्रिंसिपल ने लड़की को चिल्लाने से रोकने के लिए उसका गला दबाया। स्कूल पहुंचने पर प्रिंसिपल ने लड़की के शव को अपनी कार में छोड़ दिया और वाहन को लॉक कर दिया। शाम को उसने शव को स्कूल की इमारत के पीछे फेंक दिया और उसके स्कूल बैग और जूते उसकी कक्षा के बाहर रख दिए।
भरूच में 10 महीने की बच्ची को बनाया शिकार
गुजरात के ही भरूच में एक 30 साल के व्यक्ति ने 10 महीने की बच्ची के साथ रेप किया। घर के आंगन में खेलते समय दरिंदा उसे गोद में उठा ले गया। अपने घर ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। बच्ची की मां एक रेस्टोरेंट में काम करती है। आरोपी दीपक कुमार लालबाबू सिंह उसके घर आता जाता था। वह कई बार उसके साथ खेलने के लिए उनके घर आया था। रविवार को जब बच्ची अपने आंगन में खेल रही थी तो आरोपी उसे उठा ले गया और घर से कुछ ही दूरी पर उसके साथ बलात्कार किया। बच्ची की दादी ने उसकी चीखें सुनीं और बच्ची को खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल पाया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घर पहुंची मां ने बच्ची को भरूच अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची की हालत गंभीर है।
यह भी पढ़ें:
बच्चों के गंदे वीडियो देखने पर मिलेगी सजा, सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया ये बड़ा आदेश
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.