
Heavy Rain Alert On 2 September: देशभर में मॉनसूनी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लेकर मैदानी इलाकों दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र तक बारिश का कहर जारी है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में सुबह से रात तक लगातार बारिश हुई, जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नोएडा, गुरुग्राम और दिल्ली में भीषण जाम की स्थिति देखने को मिली। वहीं कल बारिश की वजह से मेट्रो में भी दिक्कत आई और यात्री घंटो तक स्टेशन पर इंतजार करते रहे।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा जारी रहेगी। 3 सितंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत, विशेषकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के दक्षिणी जिलों में अगले दो दिनों तक रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि तीसरे दिन पूर्वी हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में 21 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 12 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: क्या भारत में बनने जा रहा 5वीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान Su-57? रूस पता कर रहा ये बात
बारिश और बाढ़ का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, श्री शक्ति एक्सप्रेस और जम्मू राजधानी को पूरे सितंबर माह के लिए रद्द कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कठुआ और माधोपुर के बीच ट्रैक को गंभीर नुकसान हुआ है, जिसे ठीक करने का कार्य जारी है। इस बीच सेना की पश्चिमी कमान जम्मू, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में राहत व बचाव कार्य में तेजी से जुटी है। अब तक 5,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है और 21 टन से अधिक राहत सामग्री प्रभावित इलाकों में पहुंचाई गई है। 16 अगस्त से चल रहे इस अभियान में सेना ने 20 विमानों का इस्तेमाल किया है, जिनमें एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर, एमआई-17 और चिनूक शामिल हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.