
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ब्रिटेन के नए पीएम ऋषि सुनक (Rishi Sunak) से टेलीफोन पर बात की। उन्होंने सुनक को पीएम बनने के लिए बधाई दी। दोनों नेताओं ने भारत और यूके के बीच मुक्त व्यापार समझौते (free trade agreement) को लेकर चल रही बातचीत जल्द पूरा करने और डील फाइनल करने की आवश्यकता पर चर्चा की।
नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के पीएम से बातचीत के बाद ट्वीट किया कि ऋषि सुनक से बात कर खुशी हुई। यूके के पीएम का पद ग्रहण करने के लिए उन्हें बधाई दी। हम अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे। हम इस बात पर सहमत हुए कि दोनों देशों के बीच व्यापक और संतुलित एफटीए को लेकर चल रही बातचीत का जल्द रिजल्ट निकलना चाहिए।
ऋषि सुनक ने भी ट्वीट कर नरेंद्र मोदी से हुई बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे नए रोल के लिए बधाई दी है। इसके लिए उनका शुक्रिया। यूके और भारत एक-दूसरे से बहुत कुछ शेयर करते हैं। मैं इस बात को लेकर उत्साहित हूं कि हमारे दो महान लोकतंत्र आने वाले महीनों और वर्षों में अपनी सुरक्षा, रक्षा और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने से क्या हासिल कर सकते हैं।
दूसरी ओर ब्रिटेन के विदेश सचिव जेम्स क्लेवर्ली शुक्रवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से बातचीत करने भारत आ रहे हैं। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय के ऑफिस ने गुरुवार को कहा कि जेम्स क्लेवर्ली और एस जयशंकर दोनों देशों के राजनयिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.