
Independence Day 2025: 15 अगस्त 2025 को हम अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे। मुख्य आकर्षण दिल्ली का लाल किला होगा। यहां पीएम नरेंद्र मोदी लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। समारोह की शुरुआत करीब 7 बजे होगी।
पीएम मोदी झंडा फहराएं तब 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। इसके लिए 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) द्वारा स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गन का इस्तेमाल किया जाएगा। इंडियन एयरफोर्स के हेलीकॉप्टरों द्वारा फूलों की बारिश की जाएगी। ध्वजारोहण के बाद, प्रधानमंत्री भारत की प्रगति, उसकी चुनौतियों और भविष्य की दिशा के बारे में बोलेंगे।
तीनों सेनाओं के जवान परेड निकालेंगे। परेड इंडिया गेट के पास से शुरू होगी और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते हुए लाल किले पर समाप्त होगी। लगभग 2.5 किलोमीटर लंबे इस रूट पर हजारों दर्शक और गणमान्य व्यक्ति जुटते हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह अगर टीवी पर देखना चाहते हैं तो दूरदर्शन के सभी चैनलों द्वारा इसे लाइव दिखाया जाएगा। आप कार्यक्रम को YouTube या x पर ऑनलाइन देख सकते हैं। प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के YouTube चैनल और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के आधिकारिक YouTube चैनल पर लाइव स्ट्रीमिंग की जाती है। X पर आप @PIB_India पर जाकर कार्यक्रम देख सकते हैं। ddnews.gov.in जैसी वेबसाइटों पर भी लाइव फीड उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति मुर्मु आज स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को करेंगी संबोधित, इन भाषाओं में होगा प्रसारित
79वें स्वतंत्रता दिवस की थीम "नया भारत" है। यह थीम भारत की समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है। देश 2047 तक सरकार के विकसित भारत के दृष्टिकोण की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के भाषण के बाद राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेट और 'मेरा भारत' स्वयंसेवक राष्ट्रगान गाएंगे। इस समारोह में कुल 2,500 छात्र और छात्रा कैडेट (सेना, नौसेना और वायु सेना) और 'मेरा भारत' स्वयंसेवक भाग लेंगे। ये कैडेट और 'मेरा भारत' स्वयंसेवक प्राचीर के सामने, ज्ञानपथ पर बैठेंगे और 'नया भारत' का प्रतीक चिन्ह बनाएंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.