
Pahalgam Attack: पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सिंधु जल संधि स्थगित करने और वीजा रद्द करने जैसे कठोर फैसले किए। जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। इससे भारत के विमानों के पाकिस्तान के ऊपर से उड़कर आने-जाने पर रोक लग गई।
अब सूत्रों से जानकारी मिली है कि भारत भी जैसे को तैसा जवाब देने की तैयारी में है। भारत पाकिस्तानी एयरलाइनों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद करने और भारतीय बंदरगाहों पर उनके जहाजों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है।
भारत द्वारा हवाई क्षेत्र बंद किए जाने से पाकिस्तानी एयरलाइनों को कुआलालंपुर जैसे दक्षिण-पूर्वी एशियाई डेस्टिनेशन तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना होगा। पाकिस्तान के फ्लाइट को चीन या श्रीलंका जैसे देशों से होकर जाना होगा।
पाकिस्तानी विमान सेवा कंपनियों ने पहले ही भारतीय हवाई क्षेत्र से बचना शुरू कर दिया है। उन्हें पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई का डर है।
अधिकारियों के अनुसार भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों पर प्रतिबंध लगाने पर भी विचार किया जा रहा है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.