वैक्सीनेशन में भारत नंबर-1: PM ने दुहराई प्रतिबद्धता, कोविड वर्किंग ग्रुप ने कहा-अब रोज 1 करोड़ डोज का लक्ष्य

पिछले एक हफ्ते के अंदर देश में रिकॉर्ड तोड़ वैक्सीनेशन हुआ है। अब तक भारत में 32 करोड़ से अधिक लोगों को सिंगल या डबल डोज लगाए जा चुके हैं। वैक्सीनेशन मामले में भारत ने सारी दुनिया को पीछे छोड़ दिया है। इसे लेकर प्रधानमंत्री ने खुशी जाहिर की है। वहीं, कोविड 19 वर्किंग ग्रुप ने अब हर दिन 1 करोड़ डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Asianet News Hindi | Published : Jun 28, 2021 1:00 PM IST / Updated: Jun 28 2021, 06:31 PM IST

नई दिल्ली. कोरोना संक्रमण के खिलाफ जारी लड़ाई के बीच भारत ने वैक्सीनेशन में सारी दुनिया को पीछे छोड़ दिया है। यहां अब तक 32.36 करोड़ से अधिक सिंगल या डबल डोज दिए जा चुके हैं। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट किया है। उन्होंने भारत में टीकाकरण अभियान को गति देने वाले सभी लोगों को बधाई दी है। साथ ही कहा-“भारत का टीकाकरण अभियान रफ्तार पकड़ रहा है! इस प्रयास में लगे सभी लोगों को बधाई। हमारी सबको वैक्सीन-मुफ्त वैक्सीन की प्रतिबद्धता कायम है।” उधर, कोविड 19 वर्किंग ग्रुप ने अब हर दिन 1 करोड़ डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

21 जून से केंद्र सरकार ने अपने हाथ में ली थी वैक्सीनेशन की कमान
 बता दें कि 21 जून से भारत में वैक्सीनेशन अभियान की कमान केंद्र सरकार ने संभाली है। यानी अब केंद्र सरकार ही मुफ्त में वैक्सीनेशन अभियान संचालित कर रही है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत भारत सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नि:शुल्क कोविड टीके उपलब्ध कराकर उनकी मदद कर रही है। सबको टीका उपलब्ध कराने से जुड़े कोविड-19 टीकाकरण अभियान के नये चरण के तहत केंद्र सरकार देश में टीका विनिर्माताओं द्वारा उत्पादित 75 प्रतिशत टीके खरीदेगी और उनकी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को (नि:शुल्क) आपूर्ति करेगी।

16 जनवरी से शुरू हुआ था वैक्सीनेशन
भारत में कोरोना के खिलाफ वैक्सीन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से हुई थी। यूके में 8 दिसंबर, अमेरिका में 14 दिसंबर, इटली, जर्मनी और फ्रांस में 27 दिसंबर से वैक्सीनेशन प्रोग्राम शुरू हुआ था। 

किस देश में कितनी डोज 
अमेरिका में 323327328, यूके में 7 करोड़ 67 लाख 74 हजार 990,  इटली में 4 करोड़ 96 लाख 50 हजार 721, जर्मनी में 7 करोड़ 14 लाख 37 हजार 514, फांस में 5 करोड़ 24 लाख, 57 हजार 288 लोगों को वैक्सीन लगी है।  (28 जून, 2021; सुबह 8 बजे तक की स्थिति)

प्रधानमंत्री खुद कर रहे मॉनिटरिंग
देश में वैक्सीनेशन की स्पीड कम नहीं होने पाए, इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद नजर रखे हुए हैं। हाल में उन्होंने कोविड-19 की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे कि किसी भी स्थिति में टेस्टिंग में कमी नहीं आनी चाहिए। वहीं, वैक्सीनेशन भी कोई ढील नहीं।

1 करोड़ रोज डोज का लक्ष्य
कोविड-19 वर्किंग ग्रुप के चीफ डॉ. एनके अरोड़ा कह चुके हैं-आने वाले दिनों में हमारा लक्ष्य 1 करोड़ डोज़ रोज़ाना लगाना है। इसके लिए लोगों को आगे आना होगा और वैक्सीन लगवानी होगी। वैक्सीन को लेकर बहुत सी ग़लत, भ्रामक बातें फैल रही हैं, इससे निपटने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।

 

#LargestVaccineDrive #Unite2FightCorona pic.twitter.com/r11NU1q3yA

Share this article
click me!