
Indian Navy: पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। इसका असर अरब सागर में भी दिख रहा है। अरब सागर में मौजूद भारतीय नौसेना के युद्धपोतों को किसी भी 'असामान्य गतिविधि' के खिलाफ हाई अलर्ट पर रखा गया है। इससे सवाल उठ रहे हैं कि क्या अरब सागर में कोई बड़ी घटना होने वाली है।
इंडियन नेवी अरब सागर में अपने विशेष आर्थिक क्षेत्र में बड़े सैन्य अभ्यास कर रही है। एंटी-शिप और एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल फायरिंग की गईं हैं। Times Now की रिपोर्ट के अनुसार रक्षा सूत्रों ने बताया है कि भारतीय नौसेना अरब सागर में अपने विशेष आर्थिक क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अभ्यास कर रही है। युद्धपोतों को किसी भी असामान्य गतिविधि के प्रति सतर्क रखा गया है। भारतीय तटरक्षक बल के जहाज भी गुजरात तट से दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास अग्रिम क्षेत्रों में तैनात हैं। इंडियन नेवी इस क्षेत्र में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है।
इससे पहले नौसेना ने अभ्यास के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर किया था। कहा था कि भारतीय नौसेना किसी भी समय, कहीं भी, किसी भी तरह से देश के समुद्री हितों की रक्षा करने के लिए युद्ध के लिए तैयार है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेनाओं को पहलगाम हमले के जवाब में अपनी प्रतिक्रिया के तरीके, टारगेट और समय तय करने के लिए पूरी छूट दी है। 22 अप्रैल को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था। इस हमले में 22 लोग मारे गए थे। मरने वालों में ज्यादातर पर्यटक थे। 2019 के बाद यह जम्मू-कश्मीर में हुआ सबसे भीषण हमला है।
इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े फैसले लिए। 1960 में हुए सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया गया है। पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों को कम किया गया है। पाकिस्तानी नागरिकों को दिया गया वीजा रद्द किया गया है। अटारी सीमा को बंद किया गया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.