
ईरान और अमेरिका ने इटली के रोम में ईरान के तेजी से आगे बढ़ रहे परमाणु कार्यक्रम को लेकर दूसरे दौर की वार्ता शुरू की है।दोनों देशों के बीच ये वार्ता रोम में ओमान के दूतावास में चल रही है।एक शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने अमेरिकी मीडिया को बंद कमरे में हो रही इस वार्ता के बारे में जानकारी दी है। ईरान के मीडिया ने भी बताया है कि शनिवार दोपहर ये वार्ता शुरू हुई है।
ओमान के विदेश मंत्री बदर अल बुसैदी ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची और मध्य पूर्व के लिए अमेरिकी दूत और अरबपति कारोबारी स्टीव विटकॉफ के बीच वार्ता करा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में अमेरिका को ईरान के साथ किए गए परमाणु समझौते से अलग कर लिया था। शक्तिशाली देशों ने ईरान के साथ परमाणु समझौता किया था।
यह भी पढ़ें: इस साल भारत की यात्रा पर आएंगे एलन मस्क, पीए मोदी से बातचीत पर कही ये बात
इस बातचीत में बहुत कुछ दांव पर लगा है। रिपोर्टों के मुताबिक हाल के सालों में ईरान का परमाणु कार्यक्रम आगे बढ़ा है और ईरान परमाणु बम बनाने के करीब पहुंच गया है।अगर अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता नाकाम होती है तो अमेरिका ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला कर सकता है। वहीं ईरान परमाणु बम बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की धमकी दे सकता है। शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था- मैं ईरान को परमाणु बम बनाने से रोकना चाहता हूं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.