
बेंगलुरु. कर्नाटक में भाजपा सरकार पर जारी संकट अब हट गया है। सोमवार को 15 विधानसभा सीटों पर आए उपचुनाव के नतीजों में भाजपा ने 12 पर जीत हासिल की। वहीं, कांग्रेस ने सिर्फ 2 सीटें पर जीतीं। एक पर जेडीएस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली।
उधर, कांग्रेस ने हार स्वीकार कर ली है। कर्नाटक कांग्रेस के नेता सिद्धारमैया ने कहा, हम जनमत का स्वागत करते हैं। मैं कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद से इस्तीफा देता हूं। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडु राव ने भी हार की जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है।
इन सीटों पर मिली भाजपा को जीत
इस चुनाव नतीजों से येदियुरप्पा सरकार सुरक्षित हो गई है। ये नतीजे काफी अहम माने जा रहे थे, क्यों कि अब भाजपा की सीटें 117 हो जाएंगी। भाजपा ने चिक्कबल्लापुरा, रानेबेन्नुर, हिरेकेरूर, अथानी, केआर पेटे, यशवंतपुर, विजयनगर, गोकक, कोगवाड, येलापुर, महालक्ष्मी लेआउट और केआर पुरम सीट पर जीत हासिल की।
कांग्रेस ने जीतीं ये दो सीटें
वहीं, कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटों शिवाजी नगर और हुन्सुर पर जीत मिली। होसकोटे पर जेडीएस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी को जीत मिली।
'जनमत को धोखा देकर बनी थी सरकार'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नतीजे आने के बाद कर्नाटक की जनता का आभार जताया है। पीएम मोदी ने कहा, कर्नाटक चुनाव के दौरान वहां की जनता ने भाजपा को सरकार बनाने के लिए अपना मत दिया था। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने मिलकर इस जनमत को धोखा दे दिया था, सांठगांठ करके अपनी सरकार बना ली थी। अब कर्नाटक में जो हुआ, वो जनमत की भी जीत है, लोकतंत्र की भी जीत है।
भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार किया
उपचुनाव से पहले भाजपा के पास 105 सीटें थीं। राज्य में 224 विधानसभा सीटें हैं। ऐसे में बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा 112 है। 15 सीटों पर उपचुनाव के बाद भाजपा के पास 117 सीटें हो जाएंगी। अभी 2 सीटों पर हाईकोर्ट में मामला लंबित होने के चलते चुनाव नहीं हुआ है।
कर्नाटक कुल सीटें: 224
| पार्टी | मौजूदा | उपचुनाव के बाद |
| भाजपा | 105 | 117 |
| कांग्रेस | 66 | 68 |
| जेडीएस | 34 | 34 |
| अन्य | 2 | 3 |
| कुल | 222 (2 सीटें खाली हैं) |
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.