
Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। दोपहर के करीब कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि शाम तक फिर से बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ सकती है। बारिश के बाद मौसम में बदलाव नजर आने लगे हैं।
बता दें कि दिल्ली की हवा की गुणवत्ता सोमवार को “बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया। आज एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में अच्छी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इन पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखेगा। उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाएं दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा देंगी।
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट के अगले चीफ जस्टिस होंगे सूर्यकांत! CJI बीआर गवई ने की सिफारिश, 14 महीने तक संभालेंगे कार्यभार
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के पहले हफ्ते में ही दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। अधिकतम तापमान भी घटकर 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान और नीचे जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस बार ठंड ने समय से पहले ही दस्तक दे सकती है। इसकी वजह मानसून की ज्यादा बारिश और मौसम में आए बदलाव हैं। सुबह के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। अब सिर्फ सुबह ही नहीं, बल्कि दिन में भी तापमान कम रहेगा। नवंबर के पहले आधे हिस्से में ही अच्छी ठंड पड़ने के आसार हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.