
भोपाल. मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा उप चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को 28 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही पार्टी ने तेलंगाना की एक सीट के लिए भी उम्मीदवार के नाम का एलान किया है। तेलंगाना की दुब्बक विधानसभा सीट से पार्टी ने एम रघुनंगन राव को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, मध्यप्रदेश में तुलसीराम सिलावट सांवेर से चुनाव लड़ेंगे। बिसाहूलाल सिंह को अनुप्पुर से और सुरेश धाकड़ को पोहारी से चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी दी गई है।
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार देर रात सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर आए सभी 22 पूर्व विधायकों को टिकट दिया गया है। इन पूर्व विधायकों के विधानसभा से इस्तीफे के बाद ही कमल नाथ सरकार अल्पमत में आई थी। सत्ता परिवर्तन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वादा किया था कि कांग्रेस छोड़ने वाले सभी पूर्व विधायकों को भाजपा चुनाव लड़ाएगी। पार्टी ने उन तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट दिया है, जिन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली है। इसमें मलहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी, मांधाता से नारायण पटेल और नेपानगर से सुमित्रा देवी कास्डेकर शामिल हैं।
कांग्रेस ने भी कसी कमर
वहीं, तीन विधायकों के निधन से रिक्त हुई सीट पर भी BJP ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। इनमें जौरा से पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजोधा, आगर से मनोज ऊंटवाल और ब्यावरा से नारायण सिंह पवार पर भाजपा ने दांव लगाया है। इसी बीच, मंगलवार को ही कांग्रेस ने भी चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए। इसी के साथ कांग्रेस ने भी अब तक 27 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। केवल ब्यावरा सीट पर निर्णय होना है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.