लोकसभा इलेक्शन 2024: मोदी के 20 मंत्रियों को मिली हार, राजीव चंद्रशेखर का मार्जिन रहा सबसे कम

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के 20 मंत्रियों को हार मिली। केरल के तिरुवनंतपुरम सीट से चुनाव लड़ने वाले राजीव चंद्रशेखर का मार्जिन सबसे कम रहा। वह 16,077 मतों के अंतर से चुनाव हारे।

 

Vivek Kumar | Published : Jun 12, 2024 1:06 PM IST / Updated: Jun 12 2024, 06:41 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को वह सफलता नहीं मिली, जिसकी पार्टी को उम्मीद थी। भाजपा के 20 केंद्रीय मंत्री चुनाव हार गए। इनमें सबसे कम अंतर से राजीव चंद्रशेखर को पराजय मिली। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री, कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री के रूप में राजीव कार्यरत थे।

1- राजीव चंद्रशेखर

राजीव चंद्रशेखर केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से प्रत्याशी थे। वह शशि थरूर से 16,077 मतों के अंतर से हार गए। यह भी तब जब उन्होंने भाजपा के लिए सबसे कठिन सीटों में से एक पर चुनाव लड़ा। उन्हें चुनाव प्रचार अभियान चलाने के लिए सिर्फ 35 दिन मिले। तिरुवनंतपुरम राजीव चंद्रशेखर के लिए नई सीट थी।

2- स्मृति ईरानी

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास तथा अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री रहीं स्मृति ईरानी को उत्तर प्रदेश के अमेठी सीट से हार मिली है। गांधी परिवार के वफादार कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा ने उन्हें 1,67,196 मतों से हराया। 2019 में अमेठी में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था।

3- अजय कुमार मिश्रा

उत्तर प्रदेश के खेरी सीट पर पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा को समाजवादी पार्टी के उत्कर्ष वर्मा मधुर ने 34,329 वोटों से हराया है। अजय कुमार लखीमपुर खीरी में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को कुचले जाने के बाद से विवाद में थे। उनके बेटे पर प्रदर्शनकारी किसानों को कुचलने का आरोप लगा था। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई थी।

4- सुभाष सरकार

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री रहे सुभाष सरकार पश्चिम बंगाल के बांकुरा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के अरूप चक्रवर्ती से 32,778 वोटों से हार गए।

5- अर्जुन मुंडा

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रहे अर्जुन मुंडा को झारखंड के खूंटी सीट से हार मिली है। उन्हें कांग्रेस के काली चरण मुंडा ने 1,49,675 वोटों से हराया।

6- कैलाश चौधरी

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रहे कैलाश चौधरी को राजस्थान के बाड़मेर सीट से करारी हार मिली। वह तीसरे स्थान पर रहे। यहां कांग्रेस के उम्मेद राम बेनीवाल को जीत मिली। दूसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार रवींद्र सिंह भाटी थे। कैलाश को 4,17,943 वोटों से हार मिली।

7- एल. मुरुगन

तमिलनाडु की नीलगिरी सीट पर केंद्रीय मंत्री रहे एल. मुरुगन को डीएमके के ए. राजा ने 24,0585 वोटों से हराया। मुरुगन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री थे।

8- निसिथ प्रमाणिक

केंद्रीय खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री रहे निसिथ प्रमाणिक पश्चिम बंगाल की कूच बिहार सीट पर टीएमसी के जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया से 39,250 वोटों से हार गए।

9- संजीव बालियान

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री रहे संजीव बालियान को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर सीट पर हार मिली। उन्हें सपा के हरेंद्र सिंह मलिक ने 24,672 वोटों से हराया।

10- कपिल पाटिल

पूर्व केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री कपिल पाटिल महाराष्ट्र की भिवंडी सीट से चुनाव लड़े। उन्हें एनसीपी (शरद पवार) के बाल्या मामा-सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे ने 66,121 वोटों से हराया।

11- रावसाहेब दानवे

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रहे रावसाहेब दानवे महाराष्ट्र की जालना सीट से भाजपा प्रत्याशी थे। उन्हें कांग्रेस के कल्याण वैजीनाथराव काले ने 1,09,958 वोटों से हराया।

12- भारती पवार

केंद्रीय आदिवासी मामलों के राज्य मंत्री रहे भारती पवार को महाराष्ट्र की डिंडोरी सीट पर 1,13,199 वोटों से हार मिली। यहां एनसीपी (शरद पवार) के भास्कर मुरलीधर भागरे को जीत मिली।

13- कौशल किशोर

कौशल किशोर केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री थे। उत्तर प्रदेश की मोहनलालगंज सीट पर सपा के आर.के. चौधरी ने उन्हें 70,292 मतों से हराया।

14- भगवंत खुबा

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री रहे खुबा कर्नाटक के बीदर सीट से चुनाव लड़े। वह कांग्रेस के सागर ईश्वर खंड्रे से 1,28,875 मतों से हार गए।

15- वी. मुरलीधरन

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री रहे वी. मुरलीधरन केरल के अटिंगल सीट से चुनाव लड़े। वह तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के अदूर प्रकाश को जीत मिली। सीपीआई (एम) के वी. जॉय दूसरे स्थान पर थे। मुरलीधरन 16,272 मतों से चुनाव हार गये।

16- महेंद्रनाथ पांडे

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री रहे महेंद्रनाथ पांडे उत्तर प्रदेश की चंदौली सीट पर समाजवादी पार्टी के वीरेंद्र सिंह से 21,565 वोटों से हार गए।

17- साध्वी निरंजन ज्योति

मोदी सरकार 2.0 में केंद्रीय इस्पात मंत्री और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रहीं साध्वी निरंजन ज्योति यूपी के फतेहपुर सीट से हार गईं। सपा के नरेश उत्तम पटेल ने उन्हें 33,199 वोटों से हराया है।

18- भानु प्रताप सिंह

भानु प्रताप सिंह एमएसएमई के केंद्रीय राज्य मंत्री थे। उत्तर प्रदेश के जालौन सीट पर सपा के नारायण दास अहिरवार ने उन्हें 53,898 वोटों से हराया।

19- राज कुमार सिंह

मोदी 2.0 में राज कुमार सिंह केंद्रीय बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री थे। बिहार के आरा में सीपीआई (एमएल)-लिबरेशन के सुदामा प्रसाद ने उन्हें 59,808 वोटों से हराया।

20- देबाश्री चौधरी

देबाश्री चौधरी महिला और बाल विकास राज्य मंत्री थीं। दक्षिण कोलकाता सीट पर टीएमसी की माला रॉय से वह 1,87,231 वोटों से हार गईं।

Read more Articles on
Share this article

Latest Videos

click me!

Latest Videos

पीएम मोदी ने वेंकैया नायडू के जीवन पर आधारित पुस्तकों का किया विमोचन
Amarnath Yatra 2024 : पहली बार बाबा बर्फानी के दरबार आए लोगों का कितना रोमांचक रहा सफर, क्या बदला
Ladakh Tank Accident Reason: लद्दाख में 5 जवानों की मौत का असल कारण पता चल गया| Indian Army
India T20 World Cup Win: Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi ने क्या कहा?| Surya Kumar Yadav|
Shaktisinh Gohil LIVE: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी की ब्रीफिंग