मध्य प्रदेश कांग्रेस नेताओं की मांग, MP से प्रियंका गांधी को भेजा जाए राज्यसभा

Published : Feb 17, 2020, 07:48 PM ISTUpdated : Feb 17, 2020, 08:15 PM IST
मध्य प्रदेश कांग्रेस नेताओं की मांग, MP से प्रियंका गांधी को भेजा जाए राज्यसभा

सार

आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और मध्यप्रदेश के तीन वर्तमान मंत्रियों सज्जन सिंह वर्मा, पी सी शर्मा एवं जयवर्द्धन सिंह सहित प्रदेश के चार नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से मांग की है कि प्रियंका गांधी को प्रदेश की राज्यसभा सीट से मैदान में उतारा जाये।

भोपाल. मध्यप्रदेश के चार कांग्रेस नेताओं ने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट से मैदान में उतारा जाए। इस साल अप्रैल में मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीन सीट खाली होने वाली है। 

2018 में विधानसभा जीतने के बाद कांग्रेस के खाते में 2 सीटें

इनमें से एक सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सांसद हैं जबकि अन्य दो सीटों से भाजपा के प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया उच्च सदन के सदस्य हैं। तीनों का कार्यकाल पूरा होने वाला है। वर्ष 2018 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद संख्या बल को देखते हुए दो सीटों के कांग्रेस जबकि एक के भाजपा के खाते में जाने की उम्मीद है।

चार नेताओ ने प्रियंका गांधी के लिए पार्टी से की मांग

आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और मध्यप्रदेश के तीन वर्तमान मंत्रियों सज्जन सिंह वर्मा, पी सी शर्मा एवं जयवर्द्धन सिंह सहित प्रदेश के चार नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से मांग की है कि प्रियंका गांधी को प्रदेश की राज्यसभा सीट से मैदान में उतारा जाये। मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘इंदिरा गांधी अनुसूचित जाति एवं जनजाति और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध थीं। प्रियंका उन्हीं के पद चिन्हों पर चल रही हैं। जिस तरह इंदिरा गांधी कमलनाथ (मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री) को मध्यप्रदेश लाईं थी, उसी तरह अब प्रियंका गांधी को प्रदेश से राज्यसभा भेजने का वक्त आ गया है।’’

अरूण यादव की मांग राहुत गांधी को फिर से पार्टी की कमान सौंपी जाए

वहीं, अरुण यादव ने ट्वीट किया है, ‘‘समय आ गया है कि राहुल गांधी को एक बार फिर पार्टी की कमान सौंपी जाए। यह भी सामयिक होगा कि प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाए, ताकि फासीवादी विचारधारा के ख़िलाफ़ जमीनी संघर्ष की धार को और अधिक तेज किया जा सके।’’

प्रियंका के राज्यसभा जाने से पार्टी मजबूत होगी- पी.सी. शर्मा

इसी बीच, मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि लोग कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा में उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट से संसद भेजा जाना चाहिए। यदि मध्यप्रदेश से नहीं भेजा जाता है तो उन्हें किसी अन्य राज्य से राज्यसभा में भेजा जाना चाहिए। इससे पार्टी मजबूत होगी।’’

प्रियंका को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने की मांग को लेकर किए गए सवाल पर प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा, ‘‘यदि ऐसा होता है, तो हम सभी को बड़ी प्रसन्नता होगी।’’ कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्द्धन ने कहा, ‘‘हम इस कदम का स्वागत करते हैं। उनके (प्रियंका) नेतृत्व की न केवल कांग्रेस को जरूरत है, बल्कि यह देश के लिए भी जरूरी है।’’


(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

London Rented House Fire: लंदन में 2 भारतीय छात्रों की मौत, एक की हालत गंभीर
मेनका गुरुस्वामी से लेकर बाबुल सुप्रियो तक, कौन हैं TMC के राज्यसभा कैंडिडेट, जिन पर ममता ने जताया भरोसा?