
नई दिल्ली. एम्स में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सेहत में अब सुधार हो रहा है। यहां तक की उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। मनमोहन सिंह को रविवार को एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें दवा के रिएक्शन और बुखार होने के बाद रविवार को दिल्ली एम्स के कार्डियो-थोरैसिक सेंटर में भर्ती कराया गया था।
डॉ. सिंह को रात 8 बजकर 45 मिनट पर एम्स लाया गया था। बताया जा रहा है कि बुखार के बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स ले जाया गया। जहां उन्हें एडमिट किया गया है। डॉ. सिंह को कार्डियो-थोरेसिक वार्ड में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। वह डॉ. नीतीश नायक के सुपरविजन में हैं। 2009 में डॉ. सिंह की कोरोनरी बायपास सर्जरी एम्स में ही की गई थी। डॉ. सिंह के करीबी सूत्रों का कहना है कि चिंता की कोई बात नहीं है।
सभी ने की ठीक होने की कामना
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अस्वस्थ होने की जानकारी के बाद उनके शुभचिंतकों ने जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मनमोहन सिंह के जल्द ठीक होने की कामना की है।
2003 में हुई थी एंजियोप्लास्टी
पूर्व पीएम की 2003 में दिल्ली में एंजियोप्लास्टी भी हुई थी। इसके अलावा 2007 में मनमोहन का प्रोटेस्ट ग्रंथी का इलाज किया गया था और उनका ऑपरेशन किया गया था।
2009 में AIIMS में हुई थी दूसरी हार्ट सर्जरी
साल 2009 में पूर्व पीएम की बाइपास सर्जरी AIIMS में ही हुई थी। एशियन हार्ट संस्थान के जाने-माने कार्डिएक सर्जन डॉक्टर रमाकांत पांडा के नेतृत्व 11 चिकित्सकों की टीम ने पूर्व पीएम की सर्जरी की थी।
दो बार रहें हैं भारत के प्रधानमंत्री
मनमोहन सिंह देश के 13 वें प्रधानमंत्री रहे हैं। मई 2004 से लेकर मई 2014 तक लगातार 10 साल मनमोहन सिंह ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दी है। वहीं मनमोहन सिंह देश के वित्त मंत्री भी रह चुके हैं। जून 1991 से मई 1996 तक मनमोहन सिंह ने देश के 22 वें वित्त मंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा मनमोहन सिंह आरबीआई के 15 वें गवर्नर भी रह चुके हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.