
नई दिल्ली. राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) अगले हफ्ते राष्ट्रीय राजधानी में ‘पावर वॉक’ का आयोजन करेगा जिसमें दुष्कर्म एवं तेजाब हमले की पीड़िताएं हिस्सा लेंगी।
महिला आयोग करेगी ‘पावर वॉक’ का आयोजन
आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा और उनकी सुरक्षा के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए किया जा रहा है। शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग एक मार्च को शाम सात से आठ बजे तक ‘पावर वॉक’ का आयोजन करेगा। उन्होंने कहा, “दिल्ली में, इंडिया गेट से जनपथ तक मार्च किया जाएगा और बलात्कार एवं तेजाब हमले की पीड़िताएं हमारे साथ चलेंगी। हमने निर्भया की मां को भी आमंत्रित किया है।”
पावर वॉक भरोसे को जगाने का अभियान है
शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश समेत 14 अन्य राज्यों में भी इस तरह के मार्च का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “पावर वॉक भरोसे को जगाने का अभियान है कि सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाने का एकमात्र तरीका वहां बड़ी संख्या में मौजूद रहना और स्पष्ट संदेश देना है कि दिन हो या रात, महिलाओं के पास कहीं भी और कभी भी अपने लिए जगह तलाशने का अधिकार है।” शर्मा ने कहा, “हमें ‘सुरक्षित और असुरक्षित’, घर से महिलाओं के बाहर निकलने के ‘वाजिब कारण हैं या नहीं’ जैसी मान्यताओं को परिभाषित करने वाले नियमों को तोड़ने की जरूरत है- जन साधारण के बीच महिलाओं को लेकर ऐसी धारणाएं बदलनी होंगी।” वॉक से पहले उन्होंने बताया कि तेजाब हमलों और छेड़छाड़ पर ‘नुक्कड़ नाटक’ किया जाएगा।
महिला सुरक्षित तभी होगी जब लोग अपनी मानसिकता में बदलाव लाएंगे
एनसीडब्ल्यू प्रमुख ने कहा, “हम बलात्कार और तेजाब हमले की कुछ पीड़िताओं को भी बुलाने की योजना बना रहे हैं जो बताएंगी कि उन्हें क्या कुछ से गुजरना पड़ा है। हम वॉक में 1,000 महिलाओं एवं पुरुषों के भाग लेने की उम्मीद कर रहे हैं।” महिला सुरक्षा पर शर्मा ने कहा कि लोगों की मानसिकता में बदलाव लाने की जरूरत है। टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने भी इस पहल को एक वीडियो संदेश के जरिए अपना समर्थन दिया है जिसे ट्विटर पर एनसीडब्ल्यू ने साझा किया है।
(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
(फाइल फोटो)
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.