
नई दिल्ली. देश में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन अभियान के तहत केंद्र सरकार लगातार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। इसके साथ ही राज्यों को सीधे वैक्सीन खरीदने की भी छूट दी गई है। केंद्र ने अभी तक राज्यों को 24 करोड़ वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराई हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने दीं।
मंत्रालय के मुताबिक, भारत सरकार ने अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 24,21,29,250 वैक्सीन डोज फ्री और राज्यों द्वारा खरीद की श्रेणी के माध्यम से दी हैं। इसमें से अब तक 22,27,33,963 डोज वैक्सीनेशन के तहत इस्तेमाल की गई हैं।
राज्यों के पास बची इतनी वैक्सीन
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी वैक्सीन की 1.93 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध हैं, अभी इनका इस्तेमाल किया जाना बाकी है।
भारत में वैक्सीनेशन का तीसरा चरण
भारत में वैक्सीनेशन का तीसरा चरण चल रहा है। 16 जनवरी को देश में वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। पहले चरण में कोरोना वॉरियर्स यानी हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स को वैक्सीन दी गई थी। वहीं, दूसरे चरण में 60 साल से अधिक और 45 साल से अधिक उम्र के बीमार लोगों को वैक्सीन दी गई। बाद में 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन दी जाने लगी। 1 मई से देश में वैक्सीनेशन का तीसरा चरण शुरू हुआ है। इसके तहत 18 साल से ऊपर सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
भारत में दो वैक्सीन का हो रहा इस्तेमाल
भारत में अभी कोविशील्ड और कोवैक्सिन का इस्तेमाल किया जा रहा है। दोनों वैक्सीन भारत में बन रही हैं। हालांकि, सरकार ने रूसी वैक्सीन स्पतुनिक वी को भी मंजूरी दे दी है। जल्द ही सेंटर्स पर इस वैक्सीन का भी इस्तेमाल शुरू हो जाएगा।
Asianet News का विनम्र अनुरोधः आइए साथ मिलकर कोरोना को हराएं, जिंदगी को जिताएं...। जब भी घर से बाहर निकलें मास्क जरूर पहनें, हाथों को सैनिटाइज करते रहें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। वैक्सीन लगवाएं। हमसब मिलकर कोरोना के खिलाफ जंग जीतेंगे और कोविड चेन को तोडेंगे। #ANCares #IndiaFightsCorona
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.