चीन से लौटे व्यक्तियों में से, 5 को अस्पताल में कराया गया भर्ती

Published : Feb 03, 2020, 10:36 PM IST
चीन से लौटे व्यक्तियों में से, 5 को अस्पताल में कराया गया भर्ती

सार

चीन में कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित हुबेई प्रांत से वापस लाये गए व्यक्तियों में से पांच को सर्दी जुकाम के लक्षण दिखने के बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नई दिल्ली. चीन में कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित हुबेई प्रांत से वापस लाये गए व्यक्तियों में से पांच को सर्दी जुकाम के लक्षण दिखने के बाद सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित एक सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सैन्य अस्पताल में चल रहा है इलाज

अधिकारियों ने बताया कि इन पांच व्यक्तियों को मानेसर में सेना द्वरा स्थापित पृथक देखभाल केंद्र में 247 अन्य के साथ रखा गया था। इन पांच व्यक्तियों को सर्दी जुकाम के लक्षण दिखने के बाद सेना के बेस अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षणों की शुरूआत बुखार, सूखी खांसी से होती है और बाद में सांस लेने में दिक्कत आती है।

जांच के लिए सैंपल को भेजा गया एम्स

अधिकारियों ने कहा कि पांचों व्यक्तियों से एकत्रित नमूने विभिन्न जांच के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजे गए हैं। अधिकारियों ने कहा, ‘‘हमें एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट मिल गई है जो कि नकारात्मक है।’’

चीन से 324 भारतीयों को वापस लाया गया था

शनिवार को वुहान से 324 भारतीयों को वापस लाया गया था जबकि 323 भारतीयों और मालदीव के सात नागरिकों को रविवार को चीन के शहर से लाया गया था। चीन से लाये गए सभी व्यक्तियों को दो पृथक देखभाल इकाइयों में रखा गया है जिसमें सेना द्वारा मानेसर में स्थापित केंद्र और आईटीबीपी द्वारा स्थापित छावला कैंप शामिल है।

चीन के अधिकारियों के अनुसार चीन में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 361 हो गई है जबकि पुष्ट मामले बढ़कर 17,205 हो गए हैं। भारत में कोरोना वायरस के अभी तक तीन मामले सामने आये हैं।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

Supreme Court TMC Case: संसद में बगावत पर सुप्रीम चाबुक! 20 बागी सांसदों पर लटकी तलवार!
BPSC पर फिर बवाल! पटना में CM आवास की ओर बढ़े छात्रों पर वॉटर कैनन की बौछार, पुलिस से टकराव