
कोलकाता. देश के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि चंद्रयान 2 एक सफल मिशन था और इससे युवाओं में विज्ञान को लेकर उत्सुकता पैदा हुयी। प्रधानमंत्री ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के बिना दुनिया का कोई भी देश प्रगति नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जीवन के अन्य पहलुओं के विपरीत लोगों को वैज्ञानिक अनुसंधानों से तत्काल परिणामों की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
भविष्य के लिए है फायदेमंद
उन्होंने जोर दिया कि हो सकता है कि वैज्ञानिक खोजों से वर्तमान पीढ़ी को तत्काल मदद नहीं मिले लेकिन भविष्य में यह फायदेमंद हो सकती हैं। उन्होंने वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए कोलकाता में भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारे वैज्ञानिकों ने चंद्रयान 2 पर बहुत मेहनत की। सब कुछ योजना के अनुसार नहीं हुआ, लेकिन यह मिशन सफल था। यदि आप व्यापक परिप्रेक्ष्य की ओर देखें, तो आप पाएंगे कि यह भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों की सूची में एक प्रमुख उपलब्धि है।
देश ने दुनिया को कई शीर्ष वैज्ञानिक दिये हैं
प्रधानमंत्री ने कहा कि चंद्रयान 2 मिशन ने युवाओं और पुराने लोगों में एक जैसी जिज्ञासा पैदा की। उन्होंने कहा, ‘‘इस जिज्ञासा को रास्ता दिखाना और उन्हें एक मंच देना हमारी जिम्मेदारी है। हमें मानवीय मूल्यों के साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी अनुसंधानों को आगे ले जाना होगा। हमारे देश ने दुनिया के कई शीर्ष वैज्ञानिक दिये हैं।’’
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.