
PM Modi at Adampur Air base: पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब के आदमपुर एयरबेस की यात्रा की। जवानों से बातचीत के दौरान पीएम मोदी के बैकग्राउंड में S-400 एयर डिफेंस सिस्टम, मिग-29 और रफाल विमान दिखे। पीएम मोदी ने कहा कि मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि आप सभी अपने लक्ष्यों पर खरे उतरे। पाकिस्तान के अंदर आतंकी ठिकाने और उनके एयरबेस ही तबाह नहीं हुए बल्कि उनके नापाक इरादे और उनकी दुस्साहस दोनों की हार हुई। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए दुश्मन ने इस एयरबेस के साथ साथ हमारे अन्य एयरबेस को टारगेट करने की कोशिश की लेकिन पाकिस्तान के नापाक इरादे हर बार फेल हुए। पाकिस्तान के ड्रोन, उसके यूएवी, एयरक्राफ्ट, उसकी मिसाइलें हमारे सशक्त एयर डिफेंस के सामने ढेर हो गए।
जालंधर के आदमपुर एयरबेस से भारतीय वायुसेना और सशस्त्र बलों को 'Operation Sindoor' की ऐतिहासिक सफलता पर संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'भारत माता की जय' सिर्फ नारा नहीं, यह हर जवान की जान की बाज़ी लगाने वाली प्रतिज्ञा है और हर नागरिक की देश के लिए जीने की आवाज़ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारतीय सैनिक ‘मां भारती’ का नाम लेते हैं तो दुश्मनों के हौसले पस्त हो जाते हैं।
पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि Operation Sindoor ने सिर्फ आतंकवादी ठिकानों को नहीं, बल्कि पाकिस्तान के नापाक इरादे को भी ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब कोई टेरर अटैक हुआ तो इसका नतीजा उनका विनाश होगा। हमारा इरादा साफ है... अगर कोई दूसरा हमला होता है तो भारत जवाब देगा। हमने सर्जिकल स्ट्राइक (2016 में जम्मू-कश्मीर के उरी में सेना के अड्डे पर आतंकी हमले के बाद) और बालाकोट हवाई हमलों (2019 के पुलवामा हमले के बाद) के दौरान यह देखा लेकिन ऑपरेशन सिंदूर अब नई सामान्य बात है।
सेना की हौसला आफजाई करते हुए उन्होंने कहा कि हर भारतीय को आप पर गर्व है। आपने इतिहास लिखा है। मैं आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। आप इस और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मैं सेना, नौसेना और वायु सेना को सलाम करना चाहता हूं।
7 मई को लॉन्च हुआ Operation Sindoor जम्मू-कश्मीर के पहलगाम (Pahalgam) में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में किया गया। इस हमले में 26 टूरिस्ट मारे गए थे। ऑपरेशन के दौरान भारत के सैन्य बलों ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.