
G-7 Summit 2025: प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे प्रभावशाली मंच G-7 शिखर सम्मेलन 2025 में शामिल होने कनाडा पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी अल्बर्टा प्रांत के कनानास्किस में आयोजित G-7 समिट की 51वीं मीटिंग में लगातार छठी बार भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी इस यात्रा की खास बात ये भी है कि ये 10 सालों में उनकी पहली कनाडा यात्रा है। प्रधानमंत्री को इस बार कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने खास निमंत्रण दिया है। दोनों देशों के बीच रिश्तों को फिर से ऊर्जा देने की दिशा में ये एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
G7 से ठीक पहले, पीएम मोदी ने साइप्रस का दौरा किया और ये यात्रा भी ऐतिहासिक बन गई। प्रधानमंत्री मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने जो बीते दो दशकों में साइप्रस पहुंचे। उन्हें साइप्रस का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III' मिला। इस मौके पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने न सिर्फ एयरपोर्ट पर खुद स्वागत किया, बल्कि दोनों देशों के भविष्य की साझेदारियों पर भी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने वहां बिज़नेस लीडर्स के साथ गोलमेज बैठक भी की, जिसमें टेक्नोलॉजी, निवेश और एजुकेशन जैसे सेक्टर्स में सहयोग बढ़ाने की बात की गई। पीएम मोदी ने कहा, 'भारत और साइप्रस के बीच साझेदारी की असीम संभावनाएं हैं। अब वक्त है उन्हें हकीकत में बदलने का।'
पीएम मोदी की यह यात्रा सिर्फ साइप्रस और कनाडा तक सीमित नहीं है। उनका अगला पड़ाव क्रोएशिया है, जहां वे यूरोप में भारत की मौजूदगी और दोस्ती को और मजबूत करेंगे। यह पूरा दौर तीन देशों में चार दिन का है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.