पीएम मोदी ने दीं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं, बोले- नारीशक्ति को सशक्त करने के लिए निरंतर काम हो रहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोलकाता में होने वाली दुर्गा पूजा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इस मौके पर पीएम मोदी ने वहां के लोगों को पुजोर शुभेचा (पूजा की शुभकामनाएं) दी।

Asianet News Hindi | Published : Oct 22, 2020 6:12 AM IST / Updated: Oct 22 2020, 01:40 PM IST

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को कोलकाता में होने वाली दुर्गा पूजा में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इस मौके पर पीएम ने वहां के लोगों को पुजोर शुभेचा (पूजा की शुभकामनाएं) दी। इस दौरान उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल के मेरे भाइयों और बहनों आज भक्ति की शक्ति ऐसी है, जैसे लग रहा है कि मैं दिल्ली में नहीं लेकिन आज मैं बंगाल में आप सभी के बीच उपस्थित हूं। जब आस्था अपरम्पार हो, मां दुर्गा का आशीर्वाद हो, तो स्थान, स्थिति, परिस्थिति, से आगे बढ़कर पूरा देश ही बंगालमय हो जाता है। 

'दुर्गा पूजा भारत की एकता और पूर्णता का पर्व'
प्रधानमंत्री ने कहा, दुर्गा पूजा का पर्व भारत की एकता और पूर्णता का पर्व है। बंगाल की दुर्गा पूजा भारत की इस पूर्णता को एक नई चमक देती है, नए रंग देती है, नया श्रृंगार देती है। ये बंगाल की जागृत चेतना का, बंगाल की आध्यात्मिकता का, बंगाल की ऐतिहासिकता का प्रभाव है।

'रवींद्रनाथ टैगोर को किया प्रणाम'
उन्होंने कहा, 'गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, शरद चंद्र चट्टोपाध्याय को मैं प्रणाम करता हूं। जिन्होंने समाज को नई राह दिखाई, उन ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, राजा राम मोहन राय, गुरुचंद ठाकुर, हरिचंद ठाकुर, पंचानन बरमा का नाम लेते हुए नई चेतना जगती है।' 

''आज अवसर है इन सबके सामने शीश झुकाने का, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को जीवंत किया, नई ऊर्जा से भर दिया ऐसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, शहीद खुदीराम बोस, शहीद प्रफुल्ल चाकी, मास्टर दा सूर्य सेन, बाघा जतिन को मैं नमन करता हूं।''

महिषासुर का वध करने के लिए मां का एक अंश ही पर्याप्त था
प्रधानमंत्री ने कहा, महिषासुर का वध करने के लिए माता का एक अंश ही पर्याप्त था, लेकिन इस कार्य के लिए सभी दैवीय शक्तियां संगठित हो गई थीं। वैसे ही नारी शक्ति हमेशा से सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है। ऐसे में सभी का दायित्व है कि संगठित रूप से सभी उनके साथ खड़े हों। भाजपा के विचार यही है, संस्कार यही है और संकल्प भी यही है। इसलिए देश में आज महिलाओं के सशक्तिकरण का अभियान तेज गति से जारी है।

'मां दुर्गा दुर्गति को दूर करती हैं'
पीएम मोदी ने कहा, हमारी मां दुर्गा 'दारिद्रय दु:ख भय हारिणि' कही जाती हैं, 'दुर्गति-नाशिनी' कही जाती हैं अर्थात, वो दुखों को, दरिद्रता को, दुर्गति को दूर करती हैं। इसलिए, दुर्गापूजा तभी पूरी होती है जब हम किसी के दुख को दूर करते हैं, किसी गरीब की मदद करते हैं।

रेप से जुड़े कानूनों को सख्त किया जा रहा
उन्होंने कहा, रेप की सजा से जुड़े कानूनों को बहुत सख्त किया गया है। दुराचार करने वालों को मृत्युदंड तक का प्रावधान हुआ है। भारत ने जो नया संकल्प लिया है, आत्मनिर्भर भारत के जिन अभियान पर हम निकले हैं, उसमें भी नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।

पीएम ने कहा, 22 करोड़ महिलाओं के बैंक खाते खोलना हो या फिर मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को आसान ऋण देना हो। चाहे 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान हो या फिर तीन तलाक के खिलाफ कानून हो। देश की नारीशक्ति को सशक्त करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। 

'30 लाख लोगों को घर दिए गए'
मोदी ने कहा, बंगाल के लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर काम हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बंगाल में करीब-करीब 30 लाख गरीबों के लिए घर बनाए जा चुके हैं। उज्जवला योजना के तहत करीब 90 लाख गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। बंगाल के इनफ्रास्ट्रक्चर के लिए, कनेक्टिविटी सुधारने के लिए भी लगातार काम हो रहा है। कोलकाता में ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर परियोजना के लिए भी साढ़े 8 हजार करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

'जन जन तक पहुंचना है'
पीएम मोदी ने कहा- हमारे शास्त्रों में कहा गया है, या देवी सर्व भूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता अर्थात, हर जन में मां दुर्गा ही शक्ति रूप से स्थित हैं। हमें इसी भाव से पूरी ताकत से काम करना है। जन-जन तक पहुंचना है।

चुनाव के लिए अहम माना जा रहा पीएम का यह कार्यक्रम
बंगाल चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी की यह पूजा काफी अहम मानी जा रही है।  माना जा रहा है कि पीएम मोदी का यह कार्यक्रम अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का शंखनाद है।भाजपा ने इस वर्चुअल रैली के लिए खास इंतजाम किए। इसके लिए हर विधानसभा क्षेत्र के हर पोलिंग बूथ पर पीएम मोदी की रैली के लिए व्यवस्था की गई। भाजपा ने हर जिले में पूजा पंडाल लगाए गए। इनमें स्क्रीन के जरिए लोग पीएम मोदी का संबोधन सुना गया। 

इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'पश्चिम बंगाल के भाइयों और बहनों, कल मां दुर्गा पूजा का महाषष्ठी का शुभ दिन है। मैं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूजा समारोह में शामिल होऊंगा। प्रोग्राम में आप भी लाइव जुड़ें।' पीएम मोदी ने आगे लिखा, "दुर्गा पूजा वह शुभ अवसर है जब बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाया जाता है। हम मां दुर्गा से प्रार्थना करते हैं कि वे हमें शक्ति, खुशी और अच्छे स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद दें।"

Share this article
click me!