
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। हैकर ने कोविड-19 रिलीफ फंड के लिए डोनेशन में बिटक्वॉइन की मांग की है। हालांकि, तुरंत बाद ही बोगस ट्विटिस डिलीट कर दिए गए हैं। पीएम की पर्सनल वेबसाइट के टि्वटर अकाउंट पर क्रिप्टो करेंसी से जुड़े ट्वीट किए गए। टि्वटर अकाउंट पर एक मैसेज में लिखा गया, 'मैं आप लोगों से अपील करता हूं कि कोविड-19 के लिए बनाए गए पीएम मोदी रिलीफ फंड में डोनेट करें।' ट्विटर ने कहा है,‘हम सक्रिय रूप से इस मामले की जांच कर रहे हैं। अभी हमें अन्य ट्विटर हैंडल्स के प्रभावित होने की जानकारी नहीं है।’
ट्वीट में लिखी गई अकाउंट हैक की बात
एक और ट्वीट में हैकर ने लिखा, 'यह अकाउंट जॉन विक (hckindia@tutanota.com) ने हैक कर लिया है। हमने पेटीएम मॉल हैक नहीं किया है। हालांकि, अब ये बोगस ट्वीट डिलीट कर दिए गए हैं।' बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्सनल वेबसाइट का जो वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट है, उसके 25 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं।
साइबर सिक्योरिटी फर्म साइबल ने किया दावा
हैकर ग्रुप का नाम जॉन विक है। 30 अगस्त को साइबर सिक्योरिटी फर्म साइबल ने दावा किया था कि जॉन विक ग्रुप का ही पेटीएम मॉल के डेटा चोरी में हाथ था। पेटीएम मॉल यूनीकॉर्न पेटीएम की ई-कॉमर्स कंपनी है। साइबल ने दावा किया था कि इस हैकर ग्रुप ने फिरौती की मांग की थी। हालांकि, पीटीएम ने कहा कि जांच के दौरान डेटा में सेंधमारी जैसी कोई घटना नहीं हुई थी।
जुलाई महीने में एक ऐसी ही घटना सामने आई थी, जिसमें वॉरेन बफेट, जेफ बेजॉस, बराक ओबामा, जो बिडेन, बिल गेट्स और एलॉन मस्क समेत कई बड़ी हस्तियों के टि्वटर अकाउंट के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इन लोगों के ट्विटर अकाउंट पर क्रिप्टो करेंसी से जुड़े पोस्ट किए गए थे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.