Manoj Kumar | Published : Jun 20, 2022 4:02 AM IST / Updated: Jun 20 2022, 05:39 PM IST

Bharat Bandh: भारत बंद का रहा मिला जुला असर, दिल्ली में जाम, कांग्रेस का केंद्र पर हमला

सार

केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना (Agniveer scheme) के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया गया। हिंसा से प्रभावित बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट सेवा रही। झारखंड में भी भारत बंद का असर देखा गया। देश के कई राज्यों में स्कूल कालेज बंद कर दिए गए थे। कुछ संगठनो द्वारा भारत बंद का आह्वान किया गया जिसमें छात्र संगठन भी शामिल रहे। केंद्र सरकार की ओर से रविवार को तीनों सेनाओं के प्रतिनिधियों ने अग्निवीर योजना पर डाउट क्लियर किए हैं लेकिन विरोध जारी रहा। 20 जून को भारत बंद का देश में व्यापक असर नहीं देखा गया। कांग्रेस सहित कई राजनैतिक पार्टियां भी विरोध में उतरीं। भारत बंद के दौरान कहां क्या हुआ, यह जानने के लिए पढ़ें हमारा ब्लाग...

05:00 PM (IST) Jun 20

भारत बंद का रहा मिला-जुला असर

राजधानी दिल्ली सहित देश भर में विपक्षी दलों के भारत बंद के आह्वान का मिलाजुला असर रहा। सभी बाजारों से लेकर कार्यालय तक खुले हुए हैं। दिल्ली में चांदनी चौक, सदर बाजार, कनाट प्लेस, खारी बावली, लक्ष्मी नगर, चावड़ी बाजार, खान बाजार व कश्मीरी गेट समेत अन्य बाजारों में सभी दुकानें खुली रहीं। यूपी में भी बंद का कोई खास प्रभाव नहीं दिखा। बिहार, हरियाणा और राजस्थान में कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए लेकिन पुलिस को बल प्रयोग करने की जरूरत नहीं पड़ी। 

 

03:37 PM (IST) Jun 20

युवाओं की तरक्की के रास्ते में षणयंत्र का कुआंः नकवी

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने विपक्ष पर हमला बोला है। अग्निवीर स्कीम के देशव्यापी विरोध पर नकवी ने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्व युवाओं के कंधे पर बंदूक रखकर जिस तरह से युवाओं की तरक्की के रास्ते में षड्यंत्र का कुआं खोद रहे हैं, उसको लेकर सभी को सावधान होना चाहिए। मेरी युवाओं से अपील है की आप तीनों सेना प्रमुखों और सरकार पर विश्वास करें।

03:12 PM (IST) Jun 20

उत्तर प्रदेशः अब तक 475 गिरफ्तार, 39 एफआईआर दर्ज

यूपी के एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने कहा कि अभी तक 39 मुकदमें कायम हुए हैं और 475 लोगों की गिरफ़्तारी हुई है। जिसमें से 330 की गिरफ़्तारी गंभीर धाराओं में की गई है। जो कोचिंग संचालक छात्रों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज सुबह से ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने व्यापक व्यवस्थाएं कर रखी थी। पुलिस की वृहत तैनाती की गई है। अभी तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। बंद का कोई भी असर उत्तर प्रदेश में देखा नहीं गया है। 

02:21 PM (IST) Jun 20

जंतर-मंतर दिल्लीः मैदान में उतरे मुख्यमंत्री, गहलोत का करारा वार

अग्निवीर स्कीम के विरोध में कांग्रेस पार्टी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रही है। धरने पर पहुंचे राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने बीजेपी पर सीधा निशाना साधा। गहलोत ने कहा कि हमारी ये विचारधारा की लड़ाई है। हमारी BJP और मोदी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वो हमें दुश्मन मानते हैं। कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहते हैं। आप लोगों के बाप-दादा आ जाएंगे तो भी ये कांग्रेस मुक्त भारत नहीं बनने वाला है। वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आज नौजवानों का भविष्य खतरे में है, देश की सीमाएं और हमारी सुरक्षा खतरे में है... वो कहते हैं कि आओ(अग्निवीर) और भरी जवानी में जब रिटायर हो जाओगे तो हमारे यहां चौकीदारी करना। ये सबको चौकीदार बनाना चाहते हैं। 

01:34 PM (IST) Jun 20

बिहारः दानापुर में 190 गिरफ्तार, 12 एफआईआर

बिहार की राजधानी पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि दानापुर और मसौढ़ी रेलवे स्टेशन पर हुई घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण थी। इसमें सार्वजनिक संपत्ति का काफी नुकसान हुआ और लोगों को भी काफी समस्या हुई। मामले में हमने 12 FIR दर्ज़ की हैं और 190 लोगों को गिरफ्तार किया है। डीएम ने कहा कि हमें किसी भी आधिकारिक सूत्र से भारत बंद की सूचना नहीं मिली थी लेकिन हमने तैयारी की है। अभी तक स्थिति शांतिपूर्ण है। जो भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं वे कर सकते हैं लेकिन हिंसक घटनाए उचित नहीं है और कोई ऐसा करेगा तो हम उससे सख्ती से निपटेंगे।

12:31 PM (IST) Jun 20

दिल्लीः कांग्रेस ने कहा कि वापस हो अग्निवीर योजना

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिस तरह से हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन की भी इजाजत नहीं मिल रही है, इससे दुर्भाग्यपूर्ण बात नहीं हो सकती। हमारी मांग है कि अग्निपथ योजना वापस हो और जांच एजेंसियों का दुरूपयोग बंद हो। वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम चाहते हैं कि देश के नौजवानों के साथ खिलवाड़ ना हो। क्यों लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है? आप बोल दो की हम सैलेरी और पेंशन नहीं दे सकते... आप हम सब को बुलाइए, हम आपको सुझाव देंगे क्योंकि ये फौज मोदी जी की नहीं बल्कि हिंदुस्तान की है। 

11:45 AM (IST) Jun 20

500 से ज्यादा ट्रेने रद्द, डायवर्जन नहीं

भारत बंद को देखते हुए रेलवे ने 500 से ज्यादा ट्रेने रद्द कर दी हैं। रेल मंत्रालय के अनुसार अग्निपथ योजना को लेकर हो रहे प्रदर्शन के कारण 181 मेल एक्सप्रेस और 348 यात्री ट्रेनें रद्द हुई हैं। 4 मेल एक्सप्रेस और 6 पैसेंजर ट्रेनें आंशिक रूप से अभी रद्द हैं। कोई भी डायवर्ट ट्रेन नहीं है। वहीं आपीएफ दिल्ली के सहायक सुरक्षा आयुक्त एपी जोशिया ने कहा कि रेल संपत्ति की सुरक्षा और जनमानस की सुरक्षा के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों को भरोसा दिलाना है कि सुरक्षा बल सजग है। हम रेल संपत्ति को बचाने के लिए सक्षम है। यहां सुबह से कोई भी ट्रेन बाधित नहीं हुई है। 

11:10 AM (IST) Jun 20

बिहारः पटना स्टेशन पर सन्नाटा, यात्री परेशान

अग्निवीर स्कीम का सबसे ज्यादा विरोध बिहार में देखने को मिला है। हिंसक प्रदर्शनों के बाद राज्य में पुलिस हाई अलर्ट पर है। सैकड़ों ट्रेनें कैंसिल कर दी गई हैं जिसकी वजह से आम यात्री परेशान हैं। पटना रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन नहीं हो रहा जिसकी वजह से स्टेशन के प्लेटफार्म्स पर सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं ट्रेनें कैंसिल होने की वजह से सैकड़ों पैसेंजर्स स्टेशन में ही शरण लिए हुए हैं। वहीं गर्मी की वजह से भी लोगों को परेशानी हो रही है। 

10:55 AM (IST) Jun 20

रांची में उपद्रवियों पर सख्ती रहेगी

झारखंड की राजधानी रांची मंडल के आरपीएफ एएससी पवन कुमार ने कहा कि हमारी RPF की पूरी फोर्स हाई अलर्ट पर है। राज्य पुलिस से भी हमने समन्वय बनाया है और राज्य पुलिस ने हमारी मदद के लिए कुछ फोर्स स्टेशन पर तैनात किया है। अगर कोई भी उपद्रवी आता है तो उससे निपटने के लिए हमारी पूरी टीम तैयार हैं। 

10:23 AM (IST) Jun 20

दिल्ली में मेट्रो संचालन जारी

दिल्ली में भारत बंद का असर न हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही मेट्रो चल रही है। वहीं दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया। दिल्ली-नोएडा व दिल्ली से फरीदाबाद बार्डर भी जाम की स्थिति बनी रही। 

10:03 AM (IST) Jun 20

पंजाब में बढ़ाई केंद्रीय संस्थानों की सुरक्षा

देश में बुलाए गए भारत बंद को देखते हुए पंजाब सरकार ने एक एडवायजरी जारी की है। जिसमें कहा गया है कि राज्य में मौजूद सभी केंद्रीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए। वहीं भारत बंद आह्वान को मद्देनजर रखते हुए हमने अमृतसर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा प्रबंध किया है। एसएचओ अमृतसर ने कहा कि RPF, GRP और रेलवे इंटेलिजेंस के साथ समन्वय बनाकर हमने प्लान बनाया है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ ना कर पाए और किसी भी प्रकार की समस्या ना आए।  

09:40 AM (IST) Jun 20

राज्यों में सुरक्षा कड़ी की गई

देश में भारत बंद के आह्वान पर राज्यों की पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है वहीं राजस्थान में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। सुबर 9ः30 बजे तक मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में मेट्रो सेवाएं संचालित की जा रही हैं। हालांकि सड़क पर रोजाना की तरह ज्यादा भीड़ नहीं है।