
नई दिल्ली। PMML (Prime Ministers' Museum and Library) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कहा है कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू द्वारा लिखे गए निजी पत्र लौटा दीजिए। 2008 में ये पत्र सोनिया गांधी ले गईं थी, लेकिन वापस नहीं किया। उस समय केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार थी।
10 दिसंबर को लिखे पत्र में PMML के सदस्य रिजवान कादरी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से सोनिया गांधी से मूल पत्र वापस लेने या फोटोकॉपी या डिजिटल प्रतियां उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। PMML ने सितंबर में सोनिया गांधी से इसी तरह का अनुरोध किया था, लेकिन उन्होंने पत्र वापस नहीं किए।
बताया जा रहा है कि ये पत्र बहुत अधिक ऐतिहासिक महत्व के हैं। 1971 में जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल द्वारा इन्हें नेहरू मेमोरियल संग्रहालय एवं पुस्तकालय (अब PMML) को सौंपा गया था। हालांकि कहा जा रहा है कि इन्हें 51 बक्सों में पैक कर 2008 में सोनिया गांधी को भेज दिया गया था।
इस संग्रह में नेहरू और एडविना माउंटबेटन, अल्बर्ट आइंस्टीन, जयप्रकाश नारायण, पद्मजा नायडू, विजया लक्ष्मी पंडित, अरुणा आसफ अली, बाबू जगजीवन राम और गोविंद बल्लभ पंत जैसी प्रमुख हस्तियों के पत्र शामिल हैं। इन पत्रों से भारत के इतिहास की झलक दिख सकती है।
राहुल गांधी को लिखे पत्र में PMML ने कहा, "ये पत्र भारतीय इतिहास के एक महत्वपूर्ण कालखंड के बारे में अमूल्य जानकारी प्रदान करते हैं। इसलिए इन्हें PMML के अभिलेखागार को वापस किया जाना चाहिए। हम समझते हैं कि ये दस्तावेज 'नेहरू परिवार' के लिए व्यक्तिगत महत्व रखते होंगे। हालांकि, PMML का मानना है कि इन ऐतिहासिक सामग्रियों को अधिक व्यापक रूप से सुलभ बनाने से विद्वानों और शोधकर्ताओं को बहुत लाभ होगा।"
यह भी पढ़ें- सिर्फ 3 घंटे सोते हैं मोदी, सैफ अली खान ने बताया पीएम का सीक्रेट
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.