
नई दिल्ली. नागरिकता संशोधन का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर लोगों द्वारा इसका विरोध जारी है। वहीं, दूसरी तरफ इस मसले पर सियासी संग्राम भी जारी है। इन सब के बीच कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर मोदी सरकार की क्रोनोलोजी समझाई है। उन्होंने कहा कि 'मोदी सरकार कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन यंगिस्तान मैदान में डटा रहेगा.'
यह है क्रोनोलोजी
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'क्रोनोलोजी समझिए आप, पहले वो आपको 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा करेंगे। फिर वो सरकार बनाएंगे। फिर वो आपकी यूनिवर्सिटीज बर्बाद करेंग। फिर वो देश का संविधान बर्बाद करेंगे। फिर आप प्रोटेस्ट करेंगे। फिर वो आपको 'फूल' बोलेंगे। लेकिन यंगिस्तान मैदान में डटा रहेगा।'
संविधान हमारी शक्ति है
नागरिकता कानून के लागू होने के बाद से व्यापक हुए विरोध के बीच दो दिन पहले भी प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लोगों से भारतीय संविधान को बचाने के लिए आगे आने को कहा था। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था कि ये देश एक साझा रिश्ता है, साझा ख़्वाब है। इस मिट्टी को हमने मेहनतों के रंग से सींचा है। संविधान हमारी शक्ति है, देश को फूट डालो और राज करो की राजनीति से बचाना है।
एक बार फिर करेंगी लखनऊ का दौरा
CAA के विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर यूपी पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने चिंता जताई है। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के विरोध में प्रियंका गांधी, योगी सरकार का घेराव भी कर चुकी हैं। प्रियंका गांधी एक बार फिर लखनऊ का दौरा करने वाली हैं।इस दौरान वह कांग्रेस के स्थापना दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.