
नई दिल्ली. लद्दाख में भारत और चीन की सीमा के बीच हिंसक झड़प को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप क्यों हैं, वे क्यों छिप रहे हैं। दरअसल, 15 जून की रात को गलवान घाटी में दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई हिंसक झड़प हुई थी। इसमें भारत के 20 जवान शहीद हुए हैं।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं, वे क्यों छिप रहे हैं? बस बहुत हुआ। हम जानना चाहते हैं कि क्या हुआ है। चीन की हिम्मत कैसे हुई हमारे सैनिकों को मारने की? उनकी हिम्मत कैसे हुई, हमारी जमीन लेने की?
चीन के 43 सैनिक हुए हताहत
इस झड़प में चीन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, चीन के सैनिकों की बातचीत से पता चला है कि उनके 43 सैनिक हताहत हुए हैं। इनमें से कई मारे गए हैं। कई घायल हुए हैं। हालांकि, चीन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन चीन ने हेलिकॉप्टरों से एलएसी के पास से घायलों को एयरलिफ्ट किया है।
क्या है विवाद?
चीन ने लद्दाख के गलवान नदी क्षेत्र पर अपना कब्जा बनाए रखा है। यह क्षेत्र 1962 के युद्ध का भी प्रमुख कारण था। इसका विवाद को सुलझाने के लिए कई स्तर की बातचीत भी हो चुकी है। 6 जून को दोनों देशों के बीच लेफ्टिनेंट जनरल लेवल की बैठक हुई थी। झड़प के बाद भी कई स्तर पर बातचीत हो चुकी है। हालांकि, अभी विवाद पूरी तरह से निपटा नहीं है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.