
नई दिल्ली. पूर्वी लद्दाख में सीमा को लेकर चीन के साथ विवाद चल रहा है। इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन और पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया। रक्षा मंत्री ने कहा, एक मिशन के तहत ही पाकिस्तान के बाद अब चीन सीमा पर विवाद पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा, देश इस संकट का दृढ़ता से सामना कर रहे थे। रक्षा मंत्री ने सोमवार को सीमा सड़क संगठन द्वारा बनाए गए 44 पुलों और अरुणाचल प्रदेश के नेचिफु टनेल का वर्चुअल तरीके से शिलान्यास किया।
राजनाथ सिंह ने कहा, हमारी उत्तरी और पूर्वी सीमा पर पैदा की गईं स्थितियों से हम भली भांति सहमत हैं। पाकिस्तान और अब चीन की ओर से एक मिशन के तहत सीमा पर विवाद पैदा कर रहे हैं। इन देशों के साथ हमारी 7 हजार किमी सीमा मिलती है। यहां आए दिन तनाव बना रहता है।
कोरोना के चलते देश में कई समस्याएं
राजनाथ सिंह ने कहा, देश हर क्षेत्र में कोरोना के कारण अनेक समस्याओं का सामना कर रहा है। चाहें कृषि हो या अर्थव्यवस्था, उद्योग हो या सुरक्षा व्यवस्था। सभी इससे काफी प्रभावित हुए हैं। इस विकट समय में पाकिस्तान के बाद चीन द्वारा सीमा पर एक मिशन के तहत विवाद पैदा किया जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा, समस्याओं के बावजूद पीएम मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में देश ना केवल संकटों का दृढ़ता से सामना कर रहा है। बल्कि सभी क्षेत्रों में बड़े और ऐतिहासिक बदलाव भी ला रहा है।
इन 44 पुलों का हुआ शिलान्यास
रक्षा मंत्री ने बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन द्वारा बनाए गए 44 पुलों का शिलान्यास किया। ये पुल ना केवल रणनीतिक तौर पर अहम हैं, बल्कि दूरदराज के इलाकों से संपर्क स्थापित करने में भी इनसे मदद मिलेगी। 44 में से 7 पुल लद्दाख में, जम्मू कश्मीर में 10, हिमाचल में 2, उत्तराखंड और अरुणाचल में 8-8 और सिक्किम और पंजाब में 4-4 पुल बनाए गए हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.