
मुंबई. देश में जारी कोरोना के कहर के बीच रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्णब गोस्वामी और उनकी पत्नी पर कथित तौर पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी अर्णब खुद ही दी है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अर्णब के अनुसार यह हमला देर रात उस वक्त हुआ, जब वह स्टूडियो से घर लौट रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
आधी रात हुआ हमला, बाल-बाल बचे अर्णब और उनकी पत्नी
हमले के बाद अर्णब ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रास्ते में दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर हमला किया। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। अर्णब और उनकी पत्नी सोनिया गोस्वामी इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं। अर्णब ने बताया कि यह घटना रात करीब 12 बजकर 15 मिनट पर हुई। घटना के वक्त कार को खुद वही ड्राइव कर रहे थे।
हमलावरों ने बॉटल से फेंका लिक्विड
अर्णब ने हमले की जानकारी देते हुए बताया, 'लोअर परेल से घर लौटते वक्त गणपतराव कदम रोड पर यह घटना हुई। दो बाइक सवार हमलावरों ने कार के पास बाइक रोकी और वे मेरी तरफ इशारे करते हुए शीशे पर जोर-जोर से मारने लगे। हमने वहां से निकलने की कोशिश की तो हमलावरों ने बॉटल से लिक्विड फेकना शुरू किया।'
FIR दर्ज होने के बाद 2 गिरफ्तार
मुंबई जोन-3 के डीसीपी ने बताया कि अर्णब और उनकी पत्नी पर हमले के आरोप में 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में एन एम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में धारा 341 और 504 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.