
इंफाल. मणिपुर में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में टेरिटोरियल आर्मी के 7 जवानों के मारे जाने की सूचना है। भारतीय सेना और एनडीआरएफ के जवानों द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू आपरेशन में 19 लोगों को बचा लिया गया है। अभी तक 55 लोगों के लापता होने की सूचना है। नार्थ इस्ट फ्रंटियर रेलवे की जानकारी के अनुसार भारी भूस्खलन की वजह से जिरीबाम-इंफाल नई लाइन परियोजना के तुपुल स्टेशन की इमारत को नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार जिरीबाम से इंफाल तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन की सुरक्षा के लिए मणिपुर के नोनी जिले में तुपुल रेलवे स्टेशन के पास तैनात भारतीय सेना की 107 प्रादेशिक सेना कंपनी (टेरिटोरियल आर्मी) की टुकड़ी तैनात है। यह लैंडस्लाइड उसी स्थान पर हुआ है, जिसकी चपेट में सेना के जवान आए है।
मौके पर भारतीय सेना और असम राइफल्स की टुकड़ियों द्वारा बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। साइट पर उपलब्ध इंजीनियर, संयंत्र के उपकरणों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। सुबह तक करीब 13 लोगों को बचा लिया गया है। घायलों को इलाज के लिए नोनी आर्मी मेडिकल यूनिट ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को निकालने का कार्य जारी है। भूस्खलन के कारण इजाई नदी का प्रवाह भी प्रभावित हुआ है। ताजा भूस्खलन और खराब मौसम से बचाव कार्यों में बाधा आ रही है। हालांकि लापता व्यक्तियों को बचाने के लिए ठोस प्रयास जारी है। मौसम साफ होने के इंतजार में सेना के हेलीकॉप्टर स्टैंडबाय पर तैयार हैं।
नदी की धारा हुई प्रभावित
एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि मौसम साफ होने के बाद हेलीकाप्टरों को राहत व बचाव कार्य में लगाया जाएगा। दुर्घटना में दो दंपति व एक बच्चे के भी लापता होने की जानकारी मिली है। भूस्खलन की वजह से 50 किलोमीटर दूर बह रही इजाई नदी की धारा भी अवरूद्ध हो गई है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.