
नई दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भगवा वाले बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री साध्वी ज्योति निरंजन ने निशाना साधा है। निरंजन ज्योति ने कहा कि फर्जी गांधी भगवा का मतलब नहीं समझ सकता। साथ ही उन्होंने प्रियंका गांधी को नाम बदलकर फिरोज गांधी रखने की भी सलाह दी।
c ज्योति निरंजन ने कहा, प्रियंका गांधी भगवा को नहीं समझ सकती क्योंकि वे फर्जी गांधी हैं। उन्हें अपने नाम से गांधी हटाकर फिरोज प्रियंका नाम रख लेना चाहिए।
'प्रियंका गांधी को योगी से दिक्कत है'
उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों पर कार्रवाई कर रहे हैं, इसलिए प्रियंका गांधी को उनसे दिक्कत है। उन्हें आकर अपना पक्ष रखना चाहिए कि क्या वे दंगा करने वालों के साथ हैं।
'प्रियंका को भगवा के बारे में पढ़ने की जरूरत'
साध्वी ने कहा, प्रियंका गांधी को भगवा के बारे में पढ़ने की जरूरत है। उन्होंने प्रियंका से पूछा कि जो लोग पुलिस पर पत्थर फेंक रहे हैं, निर्दोषों को मार रहे हैं, क्या उन्हें सजा देनी चाहिए या नहीं।
प्रियंका गांधी ने योगी पर साधा था निशाना
इससे पहले प्रियंका गांधी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था, नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर हुईं हिंसा में पुलिस ने मासूम लोगों को पीटा। सीएम योगी कहते हैं बदला लिया जाएगा। उनके इसी बयान पर यूपी पुलिस काम कर रही है। हिंदुस्तान की हवा में बदले और हिंसा की कोई भावना नहीं। भगवान श्रीकृष्ण ने कभी बदले की बात नहीं की। सीएम योगी भगवा वस्त्र पहनते हैं, मैं बता दूं ये आपका वस्त्र नहीं है। भगवा तो हिंदुस्तान की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, उस धर्म का पालन करना सीखिए। साथ ही उन्होंने कहा, जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां एनआरसी लागू नहीं होगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.