
लखनऊ. पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद पर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली कानून की छात्रा को पुलिस ने राजस्थान से बरामद किया है। छात्रा 6 दिन से लापता थी। उसके पिता ने चिन्मयानंद के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाया था। उधर, सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले में शुक्रवार को सुनवाई हुई। अदालत ने उप्र सरकार से छात्रा को पेश करने के लिए कहा है।
उत्तर पुलिस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शाहजहांपुर मामले में 23 साल की छात्रा को उसके दोस्त के साथ राजस्थान से बरामद किया गया है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
23 अगस्त से लापता थी छात्रा
छात्रा शाहजहांपुर के एक कॉलेज से एलएलएम कर रही है। छात्रा 23 अगस्त से अपने हॉस्टल से गायब थी। अगले दिन 24 अगस्त को लड़की ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि, स्वामी ने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर दी है। अब स्वामी से उसको और उसके परिवार को जान का खतरा है।
मामले में दो केस हुए दर्ज
छात्रा के पिता ने स्वामी चिन्मयानंद पर शारीरिक उत्पीड़न और अपहरण का मामला दर्ज कराया था। वहीं, चिन्मयानंद की ओर से छात्रा के पिता पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और ब्लैक मेल करने का केस दर्ज कराया था। चिन्मयानंद के वकील ने कहा था कि वे निर्दोष हैं और उन्हें बदनाम किया जा रहा है।
शाहजहांपुर में आश्रम चलाते हैं चिन्मयानंद
छात्रा के लापता होने के बाद कुछ वकीलों ने ये मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में उठाया था। इस मामले में शुक्रवार को सुनवाई हुई। चिन्मयानंद का शाहजहांपुर में एक आश्रम है, वे यहां पांच कॉलेज भी चलाते हैं। इसके अलावा उनके हरिद्वार और ऋषिकेश में भी आश्रम हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.