
Shraddha Murder Case: दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस में परत-दर-परत नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस अब कातिल आफताब का नार्को टेस्ट कराना चाहती है और इसके लिए वो उसे दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेश करेगी। इसी बीच आफताब ने पूछताछ में ये बात भी कबूली है कि कत्ल वाले दिन उसका और श्रद्धा का झगड़ा हुआ था। इसके बाद ही उसने उसे रास्ते से हटाने का इरादा कर लिया था। बता दें कि इससे पहले पुलिस ने आफताब के साथ महरौली के जंगल से इंसानी बॉडी के 13 टुकड़े बरामद किए हैं, जो कंकाल में तब्दील हो चुके हैं। पुलिस इनकी DNA जांच भी कराएगी।
जानें क्यों मर्डर वाले दिन आफताब की श्रद्धा से हुई थी बहस?
आफताब अमीन पूनावाला ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कत्ल वाले दिन यानी 18 मई के उसकी श्रद्धा से जमकर बहस हुई थी। दोनों के बीच घरेलू खर्च को लेकर बहसबाजी हुई थी, जो मारपीट तक पहुंच गई थी। इसके बाद ही आफताब ने श्रद्धा को रास्ते से हटाने का पक्का इरादा कर लिया था।
कत्ल के बाद आफताब ने श्रद्धा के खाते से निकाले इतने रुपए?
पुलिस पूछताछ में एक और बात का खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 18 मई को श्रद्धा का कत्ल करने के बाद आफताब ने उसके अकाउंट से 54 हजार रुपए निकाले थे। सूत्रों का कहना है कि ये पैसे उसने कत्ल के बाद लाश के टुकड़ों को छुपाने के लिए फ्रिज खरीदने में किए थे। हालांकि, सवाल ये है कि फ्रिज 25,300 रुपए में खरीदा था, तो बाकी पैसों का क्या किया?
डॉक्टर ने खोल दी आफताब की कलई :
आफताब को लेकर उस डॉक्टर का बयान भी सामने आ गया है, जिसने मई में उसके कटे हुए हाथ का इलाज किया था। डॉक्टर का कहना है कि आफताब मई में सुबह के समय उसकी क्लिनिक पर आया था। तब उसके हाथ में गहरा घाव था। डॉक्टर के मुताबिक, जब मैंने उससे उस चोट के बारे में सवाल किया तो उसने बताया कि फल काटते हुए धोखे से उसका हाथ कट गया। बता दें कि आफताब के घर की तलाश लेते समय पुलिस को इस डॉक्टर का पर्चा मिला था। इसके बाद पुलिस महरौली में उसके क्लिनिक तक पहुंची थी।
कैसे पकड़ा गया कातिल आफताब?
श्रद्धा के पिता विकास वालकर की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने आफताब की तलाश में तहकीकात शुरू की। आफताब का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया और उसकी लोकेशन ट्रेस करने लगे। आफताब श्रद्धा की लाश के टुकड़ों को रोज रात को 2 बजे महरौली के जंगल में फेंकने जाता था। लगातार 18 रातों तक आफताब के मोबाइल की लोकेशन महरौली के जंगल के आसपास मिली, जिससे पुलिस को उस पर शक हो गया और आरोपी को धर दबोचा।
कौन है आफताब अमीन पूनावाला?
आफताब अमीन पूनावाला फूड ब्लॉगर है। इंस्टाग्राम पर उसका द हंगरी छोकरो (thehungrychokro) के नाम से अकाउंट है। आफताब और श्रद्धा, जिस डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे, पुलिस अब उससे आफताब के प्रोफाइल की जानकारी इकट्ठा कर रही है। पुलिस ये भी पता लगाने में जुटी है कि आफताब और किन लड़कियों से संपर्क में था। कहीं श्रद्धा की हत्या में किसी लड़की का भी हाथ तो नहीं, इस एंगल से भी जांच चल रही है।
ये भी देखें :
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.