नोएडा से भागकर उत्तराखंड गया श्रीकांत त्यागी, पुलिस की आठ टीम कर रही तलाश, खबर देने पर मिलेंगे 25 हजार

गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी नोएडा से भागकर उत्तराखंड गया था। हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच उसका लास्ट लोकेशन मिला है। उसने  वकीलों और सहयोगियों से संपर्क करने की कोशिश की। पुलिस की आठ टीम उसकी तलाश में जुटी है।
 

Asianet News Hindi | Published : Aug 8, 2022 7:24 AM IST / Updated: Aug 08 2022, 01:11 PM IST

नई दिल्ली। नोएडा के सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स कॉम्प्लेक्स में अवैध निर्माण करने और अतिक्रमण का विरोध किए जाने पर महिला के साथ गाली-गलौज करने वाला नेता श्रीकांत त्यागी पुलिस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए भागा फिर रहा है। पुलिस की आठ टीम उसकी तलाश कर रही है। उसके ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। इस बीच ऐसी सूचना मिली है कि उसका लास्ट लोकेशन उत्तराखंड में मिला है। 

पुलिस सूत्रों के अनुसार श्रीकांत नोएडा से भागकर उत्तराखंड गया था। उसका लास्ट लोकेशन उत्तराखंड में मिला था। उत्तराखंड पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने गई। त्यागी जहां छिपा था वहां से करीब 10 किलोमीटर दूर तक पुलिस पहुंच गई थी, लेकिन तभी वह भाग गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। अगर कोई त्यागी के बारे में जानकारी देता है और उसकी गिरफ्तारी होती है तो पुलिस खबर देने वाले व्यक्ति को इनाम देगी।

10 बार ऑन-ऑफ किया फोन
श्रीकांत त्यागी का लास्ट लोकेशन हरिद्वार और ऋषिकेश के बीच मिला। उसने अपना एक मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था। उनके पास दो अन्य फोन भी हैं। इसके जरिए उसने अपने वकील और सहयोगियों से संपर्क किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार को त्यागी ने अपना मोबाइल फोन 10 बार ऑन-ऑफ किया। यही वजह है कि पुलिस उसकी लोकेशन का पता लगा पाई।

गौतमबुद्धनगर की पुलिस की दो टीमें हरिद्वार और ऋषिकेश में कैंप कर रही हैं। श्रीकांत त्यागी का उत्तराखंड में भी कारोबार है। उसने हरिद्वार और ऋषिकेश में आधा दर्जन से ज्यादा फ्लैट और जमीन खरीदी है। उसे हाल ही में सीएनजी पाइप बिछाने का बड़ा ठेका भी मिला है। त्यागी के पास उत्तराखंड में इस तरह के और भी ठेके के पट्टे हैं।

यह भी पढ़ें- श्रीकांत त्यागी के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, पुलिस को चकमा देकर भागा फिर रहा गालीबाज नेता

क्या है मामला? 
श्रीकांत त्यागी का फ्लैट नोएडा के सेक्टर-93बी में स्थित ग्रैंड ओमेक्स कॉम्पेक्स में है। उसने ग्राउंड फ्लोर पर स्थित अपने फ्लैट के आगे अवैध निर्माण कर रखा था। शुक्रवार को वह अवैध अतिक्रमण कर रहा था तो सोसाइटी की एक महिला ने उसका विरोध किया। इसपर त्यागी महिला से लड़ने लगा। उसने महिला को गाली दी और उसे धक्का दिया। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया।

इसके बाद नोएडा पुलिस ने शुक्रवार को महिला के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने के आरोप में त्यागी के खिलाफ केस दर्ज किया था। श्रीकांत त्यागी खुद को भाजपा के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारी का सदस्य बताता है। नोएडा निकाय के अधिकारियों ने सोमवार को श्रीकांत त्यागी द्वारा ग्रैंड ओमेक्स कॉम्प्लेक्स में किए गए अवैध निर्माण को तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें-  राज्यसभा में वेकैंया नायडू को विदाई: PM मोदी बोले-आपके अनुभवों का लाभ भविष्य में देश को मिलता रहेगा

Read more Articles on
Share this article
click me!