
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का इस्तेमाल करने को लेकर गुरुवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। संसद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भाजपा नेता स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक हुई। स्मृति ईरानी ने टोका तो सोनिया गांधी ने कहा कि मुझसे बात नहीं करो।
अधीर रंजन चौधरी के बयान पर स्मृति ईरानी समेत कई भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग की। लोकसभा की कार्रवाही को भाजपा सांसदों के जोरदार विरोध के चलते स्थगित कर दिया गया था। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा सदन स्थगित करने के बाद सोनिया गांधी जाने वाली थीं तभी वह नारे लगा रहीं भाजपा सांसदों की ओर बढ़ गईं। उनके साथ कांग्रेस के दो सांसद थे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सांसद रमा देवी से बात करने के लिए सदन के पटल को पार किया। उन्होंने रमा देवी से कहा कि अधीर रंजन चौधरी पहले ही माफी मांग चुके थे। मुझे इसमें क्यों घसीटा जा रहा है? सूत्रों के अनुसार इसी दौरान स्मृति ईरानी ने सोनिया गांधी को टोक दिया। उन्होंने कहा, "मैडम, क्या मैं आपकी मदद कर सकती हूं? मैंने आपका नाम लिया है।" इसपर सोनिया गांधी ने तेज आवाज में कहा, "मुझसे बात नहीं करो (Don't talk to me)।"
इसके विरोध में भाजपा के सांसद बोलने लगे। तभी तृणमूल कांग्रेस के सांसद और राकांपा की सुप्रिया सुले सोनिया गांधी को दूर ले गईं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बाद में स्थिति को शांत करने के लिए कदम बढ़ाया।
स्मृति ईरानी ने कहा- माफी मांगे सोनिया गांधी
गौरतलब है कि स्मृति ईरानी ने संसद में सोनिया गांधी पर तीखा हमला किया था। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर मौजूद एक महिला के अपमान को मंजूरी दी। उन्होंने कांग्रेस को आदिवासी विरोधी, दलित विरोधी और महिला विरोधी भी कहा। स्मृति ईरानी ने कहा कि सोनिया गांधी देश से माफी मांगे।
यह भी पढ़ें- Video: राष्ट्रपति को 'राष्ट्रपत्नी' कहने पर कांग्रेस नेता की सफाई, सुनिए कैमरे पर क्या बोले अधीर रंजन चौधरी
निर्मला सीतारमण बोलीं- सोनिया गांधी ने भाजपा सांसदों को डराया
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस घटना के बारे में कहा कि सोनिया गांधी ने बीजेपी के सांसदों को संसद के अंदर डराया। सोनिया गांधी हमारी वरिष्ठ नेता रमा देवी के पास यह पता लगाने के लिए आईं कि क्या हो रहा था। इस दौरान हमारी एक सदस्य ने संपर्क किया तो उसने (सोनिया गांधी) कहा -'आप मुझसे बात मत करो'। सोनिया गांधी ने यह तेज आवाज में कहा। कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता ने सदन के अंदर हमारी सांसद को डराया। इससे हमारे सांसदों को खतरा महसूस हुआ। कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च नेता से पछतावे के बजाय आक्रामकता दिखाया।
यह भी पढ़ें- Video: राष्ट्रपति के लिए अमर्यादित शब्द, संसद में फूटा स्मृति ईरानी का गुस्सा... सुनिए क्या कहा?
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.