
Surat Kolkata Flight: गुजरात के सूरत से पश्चिम बंगाल के कोलकाता जाने वाले एक विमान में यात्री को बीड़ी पीते पकड़ा गया है। वह एयरपोर्ट की तमाम सुरक्षा व्यवस्था और जांच को चकमा देकर बीड़ी और माचिस लिए सूरत-कोलकाता फ्लाइट में सवार हो गया।
विमान टेकऑफ करता इससे पहले ही वह बाथरूम चला गया। उसे लगा जैसे ट्रेन के बाथरूम में जाकर बीड़ी पी लेता है उसी तरह प्लेन में भी कर लेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। घटना गुरुवार की है। यात्री की पहचान अशोक बिश्वास के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। गुजरात के नवसारी में काम करता है।
विमान ज्वलनशील पदार्थों को लेकर बेहद संवेदनशील होते हैं। उड़ान के दौरान इस तरह के पदार्थों से बड़ा हादसा होने का डर रहता है। यही वजह है कि एयरपोर्ट पर यात्रियों के सामान की जांच के दौरान नजर रखी जाती है कि कोई ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ तो नहीं है।
अशोक ने एयरपोर्ट की तमाम सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दे दिया। वह बीड़ी और माचिस लेकर विमान में सवार हो गया। तकनीकी समस्याओं के कारण विमान को उड़ान भरने में देर हुई। प्लेन जमीन पर था तभी अशोक बाथरूम में घुस गया और बीड़ी सुलगा ली, लेकिन वह एयर होस्टेस की तेज नाक से बच नहीं सका। एक एयर होस्टेस को शौचालय से धुएं की गंध आती महसूस हुई।
एयर होस्टेस ने तुरंत एयरपोर्ट पर मौजूद अपने सीनियर अधिकारी को इसके बारे में बताया। इसके बाद जांच की गई। जांच के दौरान अशोक के बैग से बीड़ी और माचिस मिली। इसके बाद उसे विमान से बाहर निकाल दिया गया। एयरलाइन ने घटना की सूचना डुमस पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल अशोक को गिरफ्तार किया और थाना ले गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विमान को शाम 4.35 बजे रवाना होना था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण इसमें देरी हुई। शाम करीब 5.30 बजे एयर होस्टेस को धुएं की गंध महसूस हुई। जांच में पता चला कि 15A सीट पर बैठे अशोक के पास प्रतिबंधित सामान था। पुलिस ने अन्य यात्रियों की जान को खतरे में डालने के आरोप में BNS की धारा 125 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.