
नई दिल्ली. महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध को लेकर अनशन पर बैठीं दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल की तबीयत बिगड़ गई है। आज सुबह वो अचानक बेहोश हो गईं। जिसके बाद उन्हें दिल्ली के लोकनायक अस्पताल की इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हैं।
13 दिनों से जारी है अनशन
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के अनशन का आज 13 वां दिन था। शनिवार शाम को मालीवाल की हालत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों और पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने इससे इनकार किया था। मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, उनके खून में यूरिक एसिड खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ऐसे हालात में लिवर और किडनी को नुकसान पहुंच सकता।
बात करने में भी हैं असमर्थ
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल की तबीयत बिगड़ गई है। उनको एलएनजेपी हॉस्पिटल ले जाया गया है। वो बलात्कारियों को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग को लेकर पिछले 13 दिन से अनशन पर बैठी हैं। अनशन की वजह से स्वाति मालीवाल का वजन भी घटा है। दिल्ली महिला आयोग के मुताबिक स्वाति मालीवाल कमजोरी के चलते बात भी करने में असमर्थ हैं।
दिशा कानून पूरे देश में लागू करने की मांग
मालिवाल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से पूरे देश में ‘दिशा विधेयक’ तत्काल लागू करने की मांग की है। बता दें कि दिशा विधेयक में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों को 21 दिन के भीतर निस्तारित करने और मौत की सजा का प्रावधान किया गया है।
बलात्कारियों को फांसी देने की मांग
दिल्ली महिला आयोग प्रमुख ने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार के अभी तक के उदासीन रवैया पर दुख जताया है। मालीवाल बलात्कारियों को फांसी की सजा की मांग को लेकर पिछले 13 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि दिशा विधेयक के पूरे देश में लागू होने तक वह अपना अनशन खत्म नहीं करेंगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.