
Tahawwur Rana extradition to India: मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए अब तक के सबसे खौफनाक आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को आखिरकार अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। पाकिस्तान मूल का 64 वर्षीय कनाडाई नागरिक राणा, इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा और आईएसआई के बीच की मिलीभगत का एक अहम कड़ी माना जाता है।
भारत की नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और खुफिया एजेंसी रॉ (RAW) की एक संयुक्त टीम 9 अप्रैल को अमेरिका से विशेष विमान द्वारा तहव्वुर राणा को लॉस एंजिलिस के मेट्रोपोलिटन डिटेंशन सेंटर से लाकर भारत लेकर रवाना हुई। उसे दिल्ली या मुंबई की उच्च सुरक्षा वाली जेलों में रखा जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों ने तिहाड़ जेल में उसे रखने की विशेष व्यवस्था कर ली है। गुरुवार दोपहर तक राणा के भारत पहुंचने की पुष्टि की गई है।
26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे, जिनमें 6 अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे। तहव्वुर राणा पर आरोप है कि उसने डेविड हेडली को भारत का वीजा दिलवाया और हमले की साजिश में सहयोग किया।
NSA अजीत डोभाल की निगरानी में दिल्ली और मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। तहव्वुर राणा की जान को खतरा भी बताया जा रहा है।
तहव्वुर राणा ने ही अपने करीबी और 26/11 हमलों के सह-साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली को भारत का बिजनेस वीजा दिलवाया था। हेडली ने भारत में रहते हुए मुंबई के तमाम महत्वपूर्ण जगहों की रेकी की और फोटोग्राफ्स और वीडियो पाकिस्तान भेजे, जिससे हमले की योजना बनाई गई।
भारत लाए जाने के तुरंत बाद तहव्वुर राणा को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां NIA अदालत से उसकी रिमांड की मांग करेगी ताकि उससे लंबी और गहन पूछताछ की जा सके। पूछताछ से उम्मीद है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और लश्कर-ए-तैयबा के बीच की साजिशों का खुलासा होगा।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, तहव्वुर राणा पार्किंसन्स और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा है। इसी आधार पर उसने प्रत्यर्पण को टालने की कोशिश की थी, जिसे अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया।
तहव्वुर राणा को दिल्ली की तिहाड़ जेल के हाई सिक्योरिटी वार्ड में रखा जाएगा। जहां निगरानी के लिए मल्टी-लेयर सुरक्षा, CCTV निगरानी और एक विशेष मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
तहव्वुर राणा सिर्फ एक सह-साजिशकर्ता नहीं बल्कि 26/11 हमले की एक केंद्रीय कड़ी है, जिसने पाकिस्तानी एजेंसियों को भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ करने में मदद की। राणा की गिरफ्तारी और पूछताछ से पाकिस्तान की राज्य संरक्षित आतंकवाद की नीति बेनकाब हो सकती है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.