
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर प्रवासी मजदूरों पर आतंकी हमले की खबर है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुलवामा जिले के त्राल में आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिससे एक प्रवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पिछले एक हफ्ते में किसी प्रवासी मजदूर पर यह तीसरा हमला है। इससे पहले रविवार को गंदरबल जिले में एक मजदूर शिविर पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें 6 प्रवासी मजदूरों सहित 7 लोगों की मौत हो गई थी। जम्मू-कश्मीर के एक डॉक्टर भी मृतकों में शामिल थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में एक प्रवासी मजदूर पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आतंकी हमले में घायल मजदूर उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसका नाम शुभम कुमार है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह बाटागुंड गांव में आतंकवादियों ने यह घटना को अंजाम दिया। इस घटना में शुभम के हाथ में गोली लगी है। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस आतंकी हमले के बाद पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और आतंकियों की तलाश की जा रही है। प्रवासी मजदूर पर हमला कर आतंकी फरार हो गए। हालांकि, आतंकियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इससे पहले रविवार (24 अक्टूबर) को दो आतंकवादियों ने गंदरबल जिले के एक निर्माण स्थल पर मजदूरों के कैंप पर हमला किया था। शाम को जब मजदूर एक साथ रात का खाना खा रहे थे, तब आतंकवादियों ने यह हमला किया। आतंकवादियों ने पहले कैंप की बिजली काट दी और फिर कैंप पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में कुल सात लोग मारे गए और लगभग 6 लोग घायल हुए। मृतकों में छह प्रवासी मजदूर थे, हमले में एक स्थानीय डॉक्टर भी मारे गए।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.