
Mahua Moitra: तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा 51 साल की उम्र में शादी के बंधन में बंध गईं हैं। उनके पति का नाम पिनाकी मिश्रा है। 66 साल के पिनाकी बीजू जनता दल (बीजेडी) के नेता रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विवाह 3 मई को हुआ। दोनों ने विदेश में शादी की। महुआ मोइत्रा पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से दो बार की लोकसभा सांसद हैं। वहीं, पिनाकी मिश्रा ओडिशा के पुरी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
मीडिया में आई तस्वीर में मोइत्रा पारंपरिक परिधान और सोन के भारी गहने में दिख रही हैं। इससे निजी लेकिन औपचारिक शादी का संकेत मिलता है। अभी तक न तो मोइत्रा और न ही पिनाकी ने इस विवाह की पुष्टि की है।
टीएमसी की तेज तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा 51 साल की हैं। उनका जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम में हुआ था। उन्होंने निवेश बैंकर के रूप में अपना करियर शुरू किया था। 2010 में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में शामिल हुईं थीं। मोइत्रा 2019 में पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुनी गईं। 2024 में फिर से वह इस सीट से सांसद निर्वाचित हुईं।
ओडिशा के पुरी में जन्मे पिनाकी मिश्रा 66 साल के हैं। उनका जन्म 23 अक्टूबर 1959 को हुआ था। वह अनुभवी राजनीतिज्ञ और सीनियर वकील हैं। उन्होंने सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में बीए (ऑनर्स) और दिल्ली यूनिवर्सिटी के LLB की डिग्री हासिल की है।
मिश्रा ने 1996 में पुरी लोकसभा सीट जीतकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। बाद में वे नवीन पटनायक की बीजू जनता दल में शामिल हो गए और 2009, 2014 और 2019 में जीत सहित कई बार फिर से चुने गए।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.