
नई दिल्ली। यूक्रेन की प्रथम उप विदेश मंत्री एमिन दझापरोवा (Emine Dzhaparova) भारत की यात्रा पर आईं हैं। उन्होंने दिल्ली में मीडिया से बात की और कहा कि रूसी सैनिक रेप और हत्या कर रहे हैं। भारत को विश्वगुरु बताते हुए उन्होंने जंग खत्म करने में मदद की गुहार लगाई।
उन्होंने कहा, "जब कोई रेप करने और जान से मारने आता है तो उसके साथ बातचीत के लिए किस तरह की भाषा का चुनाव किया जा सकता है। ऐसे बहुत से उदाहरण हैं जब रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की महिलाओं और बच्चों से रेप किया। एक 11 साल के बच्चे के साथ उसकी मां के सामने रेप किया गया। उसने बोलने की क्षमता खो दी। अब वह पेपर पर लिखकर अपनी बात बताता है।"
यूक्रेनी घरों से सामान चुराते हैं रूसी सैनिक
एमिन दझापरोवा ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि ऐसी घटनाओं के चलते बात करने के लिए उपयुक्त भाषा के इस्तेमाल की जगह है। 24 फरवरी 2022 ने सबकुछ बदल दिया है। यूक्रेन कभी सोवियत संघ का सदस्य था। हमले के बाद बहुत से लोगों ने रूस के प्रति अपनी सोच बदल दी है। हमने रूसी सैनिकों के उनकी पत्नियों और माताओं से हुई बातचीत सुनी है। वे इस बारे में बात करते हैं कि यूक्रेन के घरों से क्या चुराया जा सकता है। कई बार तो वे शौचालय के कटोरे भी चुराते हैं।"
यह भी पढ़ें- टुकड़ों में बंटी लाशों से निकल रहा था धुंआ...म्यांमार की सेना ने अपने ही लोगों पर बरसाए बम-100 की मौत
विश्वगुरु है भारत
दझापरोवा ने कहा, "भारत विश्वगुरु है। यह बहुत से आध्यात्मिक नेताओं का घर है। मैं पहले कई बार भारत आई हूं। यह विरासत पूरी दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसके चलते भारत स्वाभाविक रूप से युद्ध बंद कराने के लिए पहल कर सकता है। यह न्याय पर आधारित होना चाहिए। बिना न्याय के हम एक-दूसरे से प्यार से बात नहीं कर सकते। कई देश ऐसे हैं जो प्यार की जगह लड़ाई चुनते हैं। विश्वगुरु के नाते भारत युद्ध खत्म कराने में बड़ा रोल निभा सकता है। हम ऐसे किसी भी प्रयास का समर्थन करेंगे। जंग रोकने के लिए युक्रेन सबसे अधिक इच्छुक है। क्योंकि हमारे लोग मारे जा रहे हैं। हमें नुकसान हो रहा है।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.