
लखनऊ. यूपी के फिरोजाबाद में तीन अज्ञात बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता डीके गुप्ता की निर्मम हत्या कर दी है। डीके गुप्ता फिरोजाबाद में भाजपा के नगर मंडल उपाध्यक्ष थे। सूत्रों के मुताबिक गुप्ता पर अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई जिसमें उनकी मौत हो गई। वारदात शुक्रवार रात की बताई गई है। भाजपा नेता की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने सड़कों पर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया।
दरअसल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता उर्फ डीके गुप्ता नारखी इलाके के नगला बीच गांव में अपनी दुकान पर बैठ थे। तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद उन्हें आनन-फानन में आगरा के पुष्पांजलि अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
कार्रवाई चल रही है - एसपी मुकेश चंद्र
क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश चंद्र मिश्र ने इस वारदात को लेकर कहा कि नगला बीच क्षेत्र में दया शंकर गुप्ता की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। हम घटना स्थल पर ही मौजूद हैं। इस मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
लोगों में आक्रोश
क्षेत्र के आक्रोशित लोगों ने इस घटना के विरोध में पचोखरा टूंडला मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों की पुलिस से बहस भी हुई। सड़क पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। जिस क्षेत्र में यह घटना हुई, वह टूंडला इलाके में आता है जहां उपचुनाव होने हैं। 3 नवंबर को यहां वोट डाले जाने हैं। ऐसे में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष दयाशंकर गुप्ता की इस तरह से तीन लोगों द्वारा हत्या कर फरार हो जाना, पुलिस पर सवाल उठाता है। लोगों में पुलिस के आला अधिकारियों के प्रति आक्रोश है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.