
नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दो दिन की भारत यात्रा पर हैं। यात्रा के दूसरे दिन यानी मंगलवार को वे राजघाट पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प भी उनके साथ रहीं। यहां ट्रम्प और मेलानिया ने विजिटर बुक में संदेश भी लिखा।
ट्रम्प ने लिखा, अमेरिका के लोग भारत के साथ मजबूती से खड़े हैं। महात्मा गांधी की विचारधारा को नमन।
ट्रम्प को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प और मेलानिया राष्ट्रपति भवन पहुंचे। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम प्रमुख लोग मौजूद रहे।
साबरमती आश्रम की बुक में पीएम मोदी की तारीफ की थी
राष्ट्रपति ट्रम्प सोमवार को अहमदाबाद में साबरमती आश्रम गए थे। इस दौरान उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मेलानिया ट्रम्प और इवांका ट्रम्प भी साथ रहीं। राष्ट्रपति ट्रम्प ने विजिटर बुक में साइन भी किया था। साथ ही उन्होंने इसमें पीएम मोदी के बारे में भी लिखा। राष्ट्रपति ट्रम्प ने लिखा, मेरे महान मित्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इस शानदार दौरे के लिए धन्यवाद। हालांकि, इसे लेकर सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना भी हुई। लोगों का कहना है कि ट्रम्प को साबरमती की विजिटर बुक में महात्मा गांधी के बारे में लिखना चाहिए था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.