Amitabh Budholiya | Published : Mar 10, 2022 1:27 AM IST / Updated: Mar 10 2022, 08:18 PM IST

5 राज्यों के विधानसभा चुनाव का रिजल्ट: बोले मोदी-हमने पहले ही कहा था कि होली 10 मार्च से शुरू होगी

सार

विधानसभा चुनाव  2022  Result LIVE: पिछले 2 महीने से जारी चुनावी युद्ध को विराम लग गया है। पांच राज्यों-उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में किसकी बनने जा रही सरकार और किसे मिली करारी हार, यह आज साफ हो गया। उत्तर प्रदेश में 403 सीटों के लिए 7 चरणों में वोटिंग हुई थी। यहां जीत के लिए 202 सीटें चाहिए। पंजाब में 117 सीटों के लिए एक चरण में वोटिंग हुई थी। यहां जीत के लिए 59 सीटें चाहिए। उत्तराखंड में 70 सीटों के लिए एक फेज में वोटिंग हुई थी। यहां जीत के लिए 36 सीटें चाहिए। गोवा में 40 सीटों के लिए एक फेज में वोटिंग हुई थी। यहां जीत के लिए 21 सीटें चाहिए। मणिपुर की 60 विधानसभा सीटों के लिए दो फेज में वोटिंग हुई थी। यहां जीत के लिए 31 सीटें चाहिए। वोटों की गिनती के दौरान कहां-कैसा रहा माहौल, किसे मिली जीत, किसे मिली हार, देखिए हाल...

02:26 AM (IST) Mar 11

उत्तर प्रदेश में भाजपा को मिली 255 सीटें

उत्तर प्रदेश के सभी 403 सीटों के रिजल्ट आ गए हैं। भाजपा को सबसे अधिक 255 सीटों पर जीत मिली है। समाजवादी पार्टी को 111 सीटें मिली हैं। इसके साथ ही अपना दल (सोनीलाल) को 12, राष्ट्रीय लोक दल को 8, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 6, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल को 6, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2, कांग्रेस को 2 और बसपा को एक सीट पर जीत मिली है। 

02:02 AM (IST) Mar 11

उत्तराखंड में भाजपा को मिली 47 सीटें

उत्तराखंड के सभी 70 सीटों के नतीजे आ गए हैं। भाजपा को 47 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटें मिली हैं। बसपा के दो और दो निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव में जीत मिली है। भाजपा का वोट शेयर 44.33 फीसदी रहा।

12:12 AM (IST) Mar 11

मणिपुर में भाजपा को मिली 32 सीटें

मणिपुर के सभी 60 सीटों के रिजल्ट आ गए हैं। भाजपा को 32 सीटों पर जीत मिली है। नेशनल पीपुल्स पार्टी को सात सीटों पर जीत मिली है। जदयू को 6, कांग्रेस को 5, नागा पीपुल्स फ्रंट को 5 और कुकी पीपुल्स एलायंस को दो सीटों पर जीत मिली है। तीन निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं। 

09:56 PM (IST) Mar 10

पंजाब में आप को मिली 92 सीटें

पंजाब के सभी 117 सीटों के रिजल्ट आ गए हैं। आम आदमी पार्टी को 92 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत मिली है। सत्ताधारी पार्टी रही कांग्रेस को सिर्फ 18 सीटों पर जीत मिली। वहीं, शिरोमणि अकाली दल को तीन, बीजेपी को दो और बसपा को एक सीट पर जीत मिली है। एक निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव में जीत दर्ज की है। 

09:49 PM (IST) Mar 10

गोवा में भाजपा को मिली 20 सीटें

गोवा के सभी 40 सीटों के रिजल्ट आ गए हैं। 20 सीटें लाकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। कांग्रेस को 11 सीटों पर जीत मिली है। वहीं, आम आदमी पार्टी को 2, महाराष्ट्रवादी गोमंतक को 2, आरजीपी को एक और गोवा फॉर्वार्ड पार्टी को 1 सीट पर जीत मिली है। तीन निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं।

08:01 PM (IST) Mar 10

भाजपा की जीत पर बोले PM मोदी

हमने पहले ही कहा था कि होली 10 मार्च से शुरू होगी। यह 4 जीत(victory 4) हमारे एनडीए कार्यकर्ताओं की जीत है। लोकतंत्र के इस त्योहार में भाग लेने और बीजेपी को यह जीत सुनिश्चित करने के लिए मैं सभी मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं। पहली बार दूसरे कार्यकाल के लिए सीएम चुने जाएंगे।

07:54 PM (IST) Mar 10

PM मोदी बोले-आज उत्सव का दिन है

आज उत्साह का दिन है, उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं।

07:43 PM (IST) Mar 10

मोदी की योजनाओं पर जनता ने मुहर लगाई

दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा-चुनाव परिणामों ने पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं पर मुहर लगा दी है। जनता ने लगातार बीजेपी को वोट दिया है। 2014 से लोग बीजेपी को आशीर्वाद दे रहे हैं। यूपी में पहली बार कोई मुख्यमंत्री दोबारा सत्ता में आया है। हम गोवा में हैट्रिक बना रहे हैं।

07:41 PM (IST) Mar 10

मणिपुर विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

मणिपुर के CM एन. बीरेन सिंह ने कहा-मैं भाजपा को फिर से बहुमत मिलने के लिए मणिपुर की जनता का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। साथ ही पार्टी के जो सबसे बड़े नेता हैं जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और अन्य का भी शुक्रिया करता हूं। उनके मार्गदर्शन से हमें बहुमत मिली है।

07:39 PM (IST) Mar 10

पांचों राज्यों में करारी हार के बाद प्रियंका गांधी का बयान

पांचों राज्यों-उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंउ में कांग्रेस की करारी हार के प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा-लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोपरि है। हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मेहनत की, संगठन बनाया, जनता के मुद्दों पर संघर्ष किया। लेकिन, हम अपनी मेहनत को वोट में तब्दील करने में कामयाब नहीं हुए। कांग्रेस पार्टी सकारात्मक एजेंडे पर चलकर उप्र की बेहतरी व जनता की भलाई के लिए कांग्रेस पार्टी सकारात्मक एजेंडे पर चलकर उप्र की बेहतरी व जनता की भलाई के लिए संघर्षशील विपक्ष का कर्तव्य पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाती रहेगी।

07:28 PM (IST) Mar 10

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे भाजपा कार्यालय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंच गए हैं। वे यहां कार्यकर्ताओं और पांचों राज्यों के वोटरों को संबोधित करेंगे। खासकर, उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा को जिताने के लिए धन्यवाद कहेंग और अपनी बात रखेंगे।

https://t.co/7ycL0nUo6s

 

07:09 PM (IST) Mar 10

EVM पर बोले ओवैसी

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा-राजनीतिक दल नाकामी छुपाने के लिए EVM की चीख पुकार कर रहे हैं। मैं 2019 से कहता आ रहा हूं कि EVM की गलती नहीं है बल्कि लोगों के दिमाग में चिप डाल दी गई है यह उसकी गलती है। कामयाबी हुई है लेकिन यह कामयाबी 80-20 की कामयाबी है।

07:01 PM (IST) Mar 10

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा-जनता के फैसले का सम्मान

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) का बयान-यूपी की जनता ने बीजेपी को सत्ता देने का फैसला कर लिया है। मैं जनता के फैसले का सम्मान करता हूं। मैं एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं, सदस्यों और जनता को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हमें वोट दिया। हमारे प्रयास काफी थे, लेकिन परिणाम हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं आए। हम फिर से कड़ी मेहनत करेंगे।

06:55 PM (IST) Mar 10

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

भाजपा नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा-हमने 20 सीटें जीती हैं। एमजीपी ने हमें समर्थन पत्र भी दिया है। 3 निर्दलीय विधायकों ने भी हमारा समर्थन किया है. तो अब हम 20+3+2 =25 हैं। संभावना है कि हमारे साथ और भी उम्मीदवार जुड़ेंगे। इसलिए हम सरकार बना रहे हैं।

06:45 PM (IST) Mar 10

मणिपुर विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते देखकर इंफाल में पार्टी कार्यालय के बाहर आतिशबाजी की गई। यहां भाजपा 28 सीटें जीत रही है। सरकार बनाने 31 सीटों की जरूरत है।pic.twitter.com/DRbTuwe1cW

 

06:32 PM (IST) Mar 10

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

गोवा में भाजपा ने किया सरकार बनाने का दावा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सदानंद शेत तनवड़े ने कहा-3 निर्दलीय विधायकों ने हमें अपना समर्थन पत्र दिया है, इसलिए हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। गोवा में भाजपा 20 सीटें जीत चुकी है। उसे सरकार बनाने सिर्फ एक सीट की जरूरत है। यहां आप को 2 सीटें मिली हैं। जबकि 4 निर्दलीय जीते हैं। कांग्रेस सिर्फ 11 सीटें जीत पाई है। उसे 8 सीटों का नुकसान हुआ है। टीएमसी यहां 2 सीटें जीत पाई है। उसे 1 सीट का नुकसान हुआ है।

06:24 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

उत्तर प्रदेश: भारतीय जनता पार्टी की बढ़त को देखते हुए कानपुर की मेयर और बीजेपी नेता प्रमिला पांडे जश्न मनाने के लिए बुलडोजर पर चढ़ीं और विक्ट्री साइन दिखाया। उत्तर प्रदेश में भाजपा दूसरी बार सरकार बनाने जा रही है। यहां बसपा के अलावा दूसरी कोई पार्टी दो अंकों तक नहीं पहुंच पाई।

pic.twitter.com/lo6sRGciOX

 

06:21 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा-हम यूपी में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। योगी ने इस जीत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार माना। योगी ने कहा-यह प्रचंड बहुमत भाजपा के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के मॉडल को उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद हैं। इस आशीर्वाद को स्वीकार करते हुए हम लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास को आगे बढ़ाना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार राज्यो में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है। इन चार राज्यों में प्रधानमंत्री के विकास और सुशासन को जनता ने फिर से आशीर्वाद दिया है। प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं का मैं अभिनंदन करता हूं।

06:10 PM (IST) Mar 10

अमित शाह ने दिया मतदाताओं को धन्यवाद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा के मुख्यमंत्रियों को बधाई दी और भाजपा में विश्वास व्यक्त करने के लिए मतदाताओं को धन्यवाद दिया। बता दें कि इन चारों राज्यों में भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब सात बजे पार्टी मुख्यालय से भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

06:07 PM (IST) Mar 10

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

पंजाब में आप की जबर्दस्त जीत के बाद भगवंत मान संगरूर में लोगों से रूबरू हुए। इस बीच उन्होंने अपनी मां को गले लगा लिया। मान ने अपने घर की छत पर बने मंच से लोगों को संबोधित किया। बता दें पंजाब में आप ने कांग्रेस से सत्ता छीन ली है।

06:00 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह दिखा। योगी ने गुलाल उड़ाकर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। नेताओं ने एक-दूसरे को गुलाल मला। यूपी में भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है।

pic.twitter.com/DDaXwjSNAx

 

05:47 PM (IST) Mar 10

मणिपुर विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझान के अनुसार बीजेपी ने 15 सीटें जीतीं हैं और 14 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी ने 3 सीटें जीतीं हैं और 1 सीट पर आगे चल रही है। जनता दल (यूनाइटेड) ने 5 सीटें जीतीं हैं और 2 सीटों पर आगे चल रही है।

05:45 PM (IST) Mar 10

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझान के अनुसार AAP ने 79 सीटें जीतीं और 13 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस ने 13 सीटें जीतीं और 5 सीटों पर आगे चल रही है। शिरोमणि अकाली दल 3 सीटों पर आगे चल रही है, बीजेपी ने 2 सीटें जीतीं और BSP और निर्दलीय पार्टी ने 1-1 सीट जीती है।

05:39 PM (IST) Mar 10

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

अमृतसर सीट से आप के टिकट पर जीतीं जीवनजोत कौर ने कहा-ये जनता की जीत है, जनता ने बदलाव को वोट दिया। मैं दिल से हल्का पुरबी के लोगों का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने हमें इस बार काम करने का मौका दिया। मैं अक्सर कहती थी कि दिग्गज अपने काम से बनते हैं और इन बड़े-बड़े दिग्गजों ने लोगों के छोट-छोटे काम भी नहीं किए।

05:34 PM (IST) Mar 10

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

चुनाव आयोग के आधिकारिक के रुझान के अनुसार बीजेपी ने 20 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 9 सीटें जीतीं और 2 से चल रही है, महाराष्ट्रवादी गोमांतक और AAP ने 2-2 सीटें जीतीं, गोवा फॉरवर्ड पार्टी और रिवोल्यूशनरी गोवा पार्टी ने 1-1 सीट जीती और निर्दलीय पार्टी ने 3 सीटें जीतीं।

05:27 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

उधर, भाजपा के सीनियर लीडर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन चार राज्यों में जो जीत मिली है, निश्चित रूप से यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में देश की जनता फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएगी। हमें इस बात का विश्वास है।

05:19 PM (IST) Mar 10

भाजपा सांसद हेमा मालिनी का बयान

भगवान श्री कृष्ण ने सपने में आकर कही थी भाजपा सरकार बनने की बात। बुलडोजर के सामने नहीं टिक पाई विपक्षियों की साइकिल। बुलडोजर के सामने जो भी आता है टूट जाता है। पांचों सीटों पर जीते प्रत्याशी और योगी जी मिलकर करेंगे विकास कार्य।

05:16 PM (IST) Mar 10

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने चार राज्यों में  भाजपा की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कि कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए बीजेपी को शुभकामनाएं। उन्हें विश्वास है कि पार्टी इन राज्यों और यहां के लोगों के समग्र विकास और समृद्धि के लिए काम करना जारी रखेगी।

 

05:06 PM (IST) Mar 10

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

कांग्रेस नेता दिनेश गुंडू का बयान-नतीजों से निराश, बेहतर स्थिति की उम्मीद में हम एक जिम्मेदार विपक्ष बने रहेंगे और मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठाएंगे। राज्य विधानसभा के भीतर और बाहर विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है।

04:56 PM (IST) Mar 10

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल का आप के बारे में बयान

आम आदमी के राष्ट्रीय विकल्प बनने के सवाल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का बयान-मैं आम आदमी पार्टी की विचारधारा से बिल्कुल सहमत नहीं हूं। जनता को मुफ्त में चीज़ें देकर उनको नाकारा बना दें और उनको उद्यम करने की प्ररेणा न दें और उनको बस खिलाएं जाएं। यह ठीक नहीं है। कोई पार्टी एक या दो राज्यों में आती है, तो उसको विकल्प के तौर पर नहीं देखा जा सकता। इनके पास 2 राज्य आए हैं इसका मतलब यह नहीं कि वह कोई राष्ट्रीय विकल्प के रूप में खड़े हो गए हैं।

04:49 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में गए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिलनगर सीट से चुनाव में पराजित हो गए हैं। उन्हें बीजेपी के सुरेन्द्र कुशवाहा ने मात दी। अपनी हार के बाद स्वामी प्रसाद ने ट्वीट करते हुए कहा कि समस्त विजयी प्रत्याशियों को बधाई। जनादेश का सम्मान करता हूं। चुनाव हारा हूं, हिम्मत नहीं। संघर्ष का अभियान जारी रहेगा।

 

04:38 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या की सीट पर 1 लाख 2 हजार वोटों के भारी अंतर से जीत गए हैं। वहीं, कैराना विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के नाहिद हसन को जीत हासिल हुई है। उन्हें 1 लाख 30 हज़ार 483 वोट मिले। वहीं, बीजेपी की उम्मीदवार मृगांका सिंह को 1 लाख 200 वोट मिले।

04:36 PM (IST) Mar 10

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

भाजपा नेता अपर्णा यादव ने कहा-"हिंदू-मुस्लिम-सिख-इसाई सबके सब हैं भाजपाई।" तुष्टीकरण की राजनीति, जाति के आधार पर (राज्य को) बांटने वालों के लिए यह जवाब है। हम 10 मार्च को 'जय श्री राम' के साथ सरकार बना रहे हैं...; इससे अच्छी सरकार नहीं मिल सकती।

pic.twitter.com/dxm0tWNZfL

 

04:33 PM (IST) Mar 10

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

गोवा में भाजपा 17 सीटें जीत चुकी है, जबकि 3 पर आगे है। कांग्रेस 6 सीटें जीत चुकी है, जबकि 5 पर आगे है। यहां आप का खाता खुल चुका है। यहां बहुमत के लिए 21 सीटें चाहिए। भाजपा को निर्दलीयों का समर्थन मिल चुका है।

04:24 PM (IST) Mar 10

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा-हमारी अभियान रणनीति अपर्याप्त थी और मैं इसे शिकायत समिति के अध्यक्ष के रूप में स्वीकार करता हूं। लोगों ने बहुत अच्छा काम किया और मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं लोगों का विश्वास नहीं जीत सका लेकिन मैं अपनी बेटी और जीतने वाले सभी उम्मीदवारों को बधाई देना चाहता हूं।

04:15 PM (IST) Mar 10

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरेजवाला का बयान

5 राज्यों के नतीजे कांग्रेस पार्टी की उम्मीदों के विपरीत आए हैं, लेकिन हम मानते हैं कि हम लोगों का आशीर्वाद पाने में नाकाम रहे। सोनिया गांधी ने परिणामों का आत्मनिरीक्षण करने के लिए जल्द ही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाने का फैसला किया है।

04:13 PM (IST) Mar 10

पंजाब में सोनू सूद की बहन नहीं जीत पाईं चुनाव

पंजाब के मोगा सीट पर फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद चुनाव हार गई हैं। वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रही थीं। पंजाब में आप की सरकार बनने जा रही है। पंजाब से सुखबीर सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया जैसे दिग्गज भी चुनाव हार गए हैं।

04:07 PM (IST) Mar 10

भाजपा की जीत पर जश्न

उत्तर प्रदेश में अभी भी विधानसभा के चुनाव की मतगणना जारी है। ताजा रुझानों के अनुसार, भाजपा ने 5 सीटें जीती हैं और अब तक 245 सीटों पर आगे चल रही है। इस दौरान गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के बाहर भाजपा सर्मथकों ने खुशियां मनाईं। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा-हमें विश्वास था कि 4 राज्यों में बीजेपी और NDA सत्ता में आएगी और पांचवें राज्य में हमारी कोशिश थी, लेकिन पंजाब के बारे में हमें इतना भरोसा नहीं था। मोदी जी ने 8 सालों में जो काम किए हैं उसको जनता ने समर्थन दिया है। मैं जनता का आभार प्रकट करता हूं।

pic.twitter.com/HMn8ggM44u

 

03:57 PM (IST) Mar 10

मणिपुर विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

भाजपा 60 में से 11 सीटों पर जीत चुकी है, जबकि 17 पर आगे है। कांग्रेस ने 2, NPP ने 2, जनता दल (यूनाइटेड) ने 3, कूकी अलायंस ने 1 और निर्दलीय उम्मीदवार ने 2 सीट जीती हैं। कांग्रेस 8, NPP 7, NPF 3 और अन्य (जदयू+निर्दलीय+अन्य दल) 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। यहां बहुमत के लिए 31 सीट की जरूरत है।

03:53 PM (IST) Mar 10

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 Result LIVE

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी चुनाव हार गए हैं। खटीमा विधानसभा सीट से वे करीब 6 हजार वोटों से हारे। कांग्रेस के प्रत्याशी भुवन कापड़ी ने सीएम को मात दी है। जबकि यहां भाजपा की सरकार बनते दिख रही है। 70 सीटों में से भाजपा 45 पर आगे है। 3 सीटे जीत चुकी है। सरकार बनाने 36 सीटें चाहिए।