
Waqf Act Protest: वक्फ संशोधन एकट 2025 (Waqf Amendment Act 2025) को लेकर पश्चिम बंगाल में भारी बवाल हो रहा है। इस कानून के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। कई जिलों में फैली हिंसा ने उग्र रूप ले लिया है। मुस्लिम-बहुल मुर्शिदाबाद जिले (Murshidabad) में भड़की हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा कि दो की मौत झड़पों में और एक व्यक्ति की मौत गोली लगने से हुई है। बढ़ती हिंसा को देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान किया है कि राज्य में वक्फ संशोधन एक्ट को लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि जब राज्य में यह कानून लागू ही नहीं होगा तो हिंसा या प्रदर्शन क्यों किया जा रहा है।
राज्य पुलिस ने अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया है। कई जगहों पर पुलिस की गाड़ियों को आग के हवाले किया गया, सड़कों पर पत्थरबाजी हुई और ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। हिंसा के प्रमुख केंद्र के रूप में मुर्शिदाबाद (Murshidabad), मालदा (Malda) साउथ 24 परगना (South 24 Parganas), हुगली (Hooghly) आदि जिले रहे हैं। उधर, हिंसा को देखते हुए कोलकाता हाईकोर्ट की विशेष पीठ ने जंगीपुर (Jangipur) में केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने साफ तौर पर कहा है कि यह कानून केंद्र सरकार का है और इसे राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमने पहले ही साफ कर दिया है कि इस कानून को हम नहीं मानते। जब हमने कानून लागू ही नहीं किया, तो दंगा किस बात का?
टीएमसी सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भी शांति की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक उन्माद फैलाकर बंगाल को जलाने की कोशिश हो रही है। विकास के मुद्दे पर हमें हराने में नाकाम रहने के बाद अब कुछ ताकतें बंगाल की सामाजिक एकता को तोड़ना चाहती हैं।
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार (Sukanta Majumdar) ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार माइनॉरिटी तुष्टीकरण में जुटी है। उन्होंने कहा: हमारी सरकार होती तो पांच मिनट में उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाता। उन्होंने यह भी दावा किया कि 26,000 शिक्षकों की नौकरी जाने के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए हिंसा फैलाई गई है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह हिंसा सीधे तौर पर केंद्र द्वारा धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप का नतीजा है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.