राज्यों का हालः राजस्थान में जो जहां है वहीं रहेगा, बिहार सरकार ने बाहर से आए लोगों को बॉर्डर पर रोक

मध्यप्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 47 हो गई है। जिसके बाद इंदौर में सबसे सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है, जिसमें 1 अप्रैल तक किराना समेत खाने-पीने की चीजों की सभी दुकानें बंद रहेंगी। सामानों की होम डिलेवरी भी नहीं होगी। दूध का वितरण दो दिन तक बंद रहेगा।

Asianet News Hindi | Published : Mar 30, 2020 4:06 AM IST / Updated: Mar 30 2020, 03:05 PM IST

नई दिल्ली. देश के 27 राज्यों में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 1200 तक पहुंच गई है। आज सोमवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में 8 नए मरीजों के संक्रमित होने की पुष्टि की गई है। वहीं, देश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 33 हो गया है। रविवार को सिर्फ 24 घंटे में ही 6 लोगों की जान चली गई है। जबकि सोमवार को देश के अलग-अलग राज्यों में 3 लोगों की मौत हुई है। इधर पीएम मोदी के ऐलान के बाद देश में 21 दिनों का लॉकडाउन जारी है, लॉकडाउन का आज यानी सोमवार को 6 वां दिन हैं। 

इंदौर में सबसे सख्त लॉकडाउन 

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहलाने वाले इंदौर में देश का सबसे सख्त लॉकडाउन रहेगा। वह इसलिए, क्योंकि अगले दिन यहां दूध-सब्जी समेत कोई भी जरूरी सामान नहीं मिलेगा। यह शहर पूरी तरह से थम जाएगा। देशभर में लॉकडाउन लागू हुए पांच दिन बीत चुके हैं। बावजूद इसके कोई असर नहीं हो रहा है। सोशल डिस्टेंशिंग का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है और मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 

दरअसल, लॉकडाउन के बाद भी इंदौर में बड़ी संख्या में लोग बाहर से आ रहे थे। कई सामाजिक संस्थाएं भोजन और अन्य सामग्री बांटने का काम कर रही थीं। नतीजतन लॉकडाउन लागू होने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन नहीं हो पा रहा था। नतीजतन बीते दो दिन में इंदौर में संक्रमितों की संख्या अचानक बढ़ गई। इंदौर पर कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने चंदन नगर, रानीपुरा जैसे इलाकों को चिह्नित किया है। वहां आवाजाही पर रोक लगाई है।

देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों का हाल 

मध्यप्रदेश- सूबे में संक्रमित मरीजों की संख्या 47 हो गई है। इंदौर में सोमवार को 8 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 8 संक्रमितों में से 7 मरीज इंदौर तो एक मरीज उज्जैन में पाया गया है। इंदौर में संक्रमित मरीजों की संख्या 27 हो गई है। वहीं, उज्जैन में 05 लोग संक्रमित हैं। जबकि जबलपुर में 8, भोपाल में 3, शिवपुरी-ग्वालियर में 2-2 संक्रमित हैं। प्रदेश में अब तक 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं, इंदौर प्रशासन ने तीन दिनों का सख्त लॉकडाउन लागू किया है। इंदौर में अगले तीन दिन तक कुछ भी नहीं मिलेगा। 

महाराष्ट्र-  राज्य में अब तक 215 लोग संक्रमित हैं। राज्य में सोमवार को 12 नए मामले सामने आए हैं। वहीं रविवार को 7 मामले सामने आए हैं। यहां सबसे ज्यादा 72 केस मुंबई में हैं। जबकि पुणे में 27, सांगली में 25 और नागपुर में 10 मरीज हैं। कोरोना से महाराष्ट्र में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 25 लोग ठीक हो चुके हैं। 

केरल- राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 202 तक पहुंच गई है। केरल में 20 नए मामले सामने आए। इनमें से 18 ने विदेश यात्रा की थी, जबकि 2 लोग संक्रमितों के संपर्क में आए थे। केरल के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, अब राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है। इनमें से 181 एक्टिव केस हैं। इलाज के बाद 4 लोगों में संक्रमण निगेटिव हो गया है। वहीं, पिछले दिनों एक शख्स की मौत भी हो चुकी है। केरल कसारगोड़ में सबसे अधिक 90 पॉजिटिव हैं, जबकि कन्नूर में 33 संक्रमित हैं। 

राजस्थान-  प्रदेश में संक्रमित मरीजों की 60 हो गई है। राज्य में सोमवार को संक्रमण का एक केस आया। वहीं रविवार को संक्रमण के 2 मामले सामने आए। भीलवाड़ा में 53 साल की महिला और झुंझुनू में 21 साल का युवक पॉजिटिव पाया गया। युवक 18 मार्च को फिलीपींस से लौटा था। 26 मार्च को उसे बीमारी के लक्षण दिखाई दिए।  भीलवाड़ा में संक्रमण के सबसे अधिक 21 केस हैं। जबकि जयपुर में 11 तो झूंझूनू में 7 पॉजिटिव मरीज हैं। 

उत्तरप्रदेश- राज्य में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यहां गौतम बुद्ध नगर में रविवार को 4 नए मामले सामने आए। इस जिले में सबसे ज्यादा 30 मरीज हैं। पूरे प्रदेश में मरीजों की संख्या 72 हो गई है, जिसमें से 11 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। यूपी में आगरा में 9, लखनऊ में 8 तो मेरठ में 5 मरीज संक्रमित हैं।  

पंजाब- राज्य में रविवार को एक शख्स की मौत हो गई है। अमृतसर में 62 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। पंजाब में यह दूसरी मौत है। हालांकि राहत भरी बात यह है कि रविवार को यहां कोई नया मामला सामने नहीं आया। शनिवार को एक संक्रमित मिला था। जिसके बाद यहां संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 39 हो गई है। पंजाब का शहीद भगत सिंह नगर सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां 19 पॉजिटिव मरीज हैं, जबकि राजधानी अमृतसर में 2 संक्रमित हैं। 

तेलंगाना-  राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि रविवार तक यहां कोरोना वायरस के कुल 70 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से एक मरीज की मौत हो चुकी है, जबकि एक को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है।

पश्चिम बंगाल- राजधानी कोलकाता के हुगली में रविवार को एक 59 वर्षीय व्यक्ति का टेस्ट पॉजिटिव आया। अभी वह एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। इसके साथ ही राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 22 हो गई है। वहीं, बंगाल में सोमवार को एक शख्स ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद राज्य में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।

कर्नाटक- राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शनिवार शाम 5 से रविवार 2 बजे तक 7 नए मामलों की पुष्टि हुई। राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 83 हो गई है। इनमें से 5 ठीक हो गए हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। 3 मरीजों की पहले ही मौत हो चुकी है। प्रदेश सरकार कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए 21 दिनों के लॉकडाउन का सख्ती से पालन करा रही है। 

बिहार- प्रदेश के लिए राहत की खबर है कि यहां रविवार को कोई नया मामला सामने नहीं आया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि राज्य में बीते कुछ घंटों में 469 संदिग्धों को निगरानी में लिया गया है। शनिवार तक संदिग्धों की संख्या 1907 थी जो अब बढ़कर 2376 हो गई है। शनिवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के दो नए केस सामने आए थे। 15 संक्रमितों में से 14 का इलाज चल रहा है। जबकि 38 साल के मरीज की पटना में 21 मार्च को मौत हो गई थी।

गुजरात- गुजरात में सोमवार को 6 नए मरीज मिले हैं। इनको मिलाकर राज्य में अब तक 69 लोगों में कोरोना पॉजिटिव मिला है। इससे पहले, रविवार को अहमदाबाद में 3 संक्रमित मिले थे और 45 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। डॉक्टरों के मुताबिक, वह डायबिटिज का मरीज था। अहमदाबाद में ही सबसे ज्यादा 20 संक्रमित हैं। राज्य में अब तक संक्रमण से 6 मौतें हो चुकी हैं।

Share this article
click me!